फूलपुर के पूरेभुलई गांव में सोमवार रात 25 वर्षीय नीलू पाल की मौत ने हड़कंप मचा दिया। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया और पुलिस ने पति, सास-ससुर और रिश्तेदारों सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
चौथा अक्षर संवाददाता /प्रयागराज
फूलपुर के पूरेभुलई गांव में सोमवार देर रात 25 वर्षीय विवाहिता प्रतिभा उर्फ नीलू पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नीलू के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं माना और हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मृतका नीलू पाल का मायका जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के गोधना किशुनदासपुर गांव में है। उनके पिता विजय शंकर पाल ने बताया कि सोमवार शाम लगभग 7 बजे नीलू के देवर ने फोन कर सूचना दी कि नीलू ने फांसी लगाई है। परिजन जब घर पहुंचे, तो ससुराल के अधिकांश लोग फरार थे और केवल नीलू की सास ही मौजूद थी।
विजय शंकर पाल ने कहा कि नीलू सिर्फ पांच दिन पहले मायके से ससुराल लौटकर आई थी। उनकी शादी वर्ष 2022 में फूलपुर के रमेश कुमार पाल से हुई थी। दंपती का एक दो वर्षीय बेटा भी है।
मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति रमेश कुमार पाल, सास समला देवी, ससुर मोहन पाल, देवर दिनेश व महेश, ननद और बहनोई समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
इफको चौकी प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






