back to top

मासूम अंजलि की मौत पर उबल पड़ा गांव, शव रखकर ढाई घंटे जाम रहा फूलपुर–प्रतापपुर मार्ग

Must Read

“चौथा अक्षर” के लिए प्रयागराज से पुष्पेंद्र यादव की रिपोर्ट-

प्रयागराज। एक मासूम की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के करुआडीह गांव में सड़क हादसे में 12 वर्षीय अंजलि की मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही बालिका का शव गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीणों का सब्र टूट गया। आरोपित चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर लोगों ने फूलपुर–प्रतापपुर मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
करीब ढाई घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गांव में हर तरफ शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा।
करुआडीह गांव निवासी 12 वर्षीय अंजलि पुत्री ताराचंद्र उर्फ मुनीम की गुरुवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अंजलि की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता ताराचंद्र मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब अंजलि का शव गांव पहुंचा तो शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने फूलपुर–प्रतापपुर मार्ग पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक हादसे के जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक जाम नहीं हटेगा।
जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शेषनाथ पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

एसीपी के आश्वासन पर खुला जाम

प्रयागराज। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ देर बाद एसीपी फूलपुर विवेक यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में दोषी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव आर्थिक सहायता भी परिवार को दिलाई जाएगी।
एसीपी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मार्ग पर यातायात बहाल कराया और लोगों को आवागमन में राहत मिली।

- Advertisement -spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest News

बिहार में नीतीश राज का अंत , भाजपा अपने मकसद में कामयाब-तेजस्वी यादव

मुकेश कुमार/पटना आज बिहार में नीतीश राज का अंत हो गया, भाजपा अपने मकसद में कामयाब हो गई।  मुख्यमंत्री नीतीश...
- Advertisement -spot_imgspot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_imgspot_img