चौथा अक्षर संवाददाता/नई दिल्ली
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को छठ पूजा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आप सभी को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। सूर्य उपासना का यह महापर्व आप सभी के जीवन को आलोकित करे और नई ऊर्जा लेकर आए।”
प्रियंका गांधी ने भी इस पवित्र अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर सभी व्रतियों को नमन करती हूं। छठी मां आप सबके जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य का संचार करें।”
बता दें कि लोक आस्था का महापर्व ‘छठ पूजा’ अपने सबसे महत्वपूर्ण चरण में है। श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा में डूबे हुए हैं। वे रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला ‘अर्घ्य’ (संध्या अर्घ्य) देने की तैयारी कर रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। व्रत रखने वाले श्रद्धालु 36 घंटे का कठिन ‘निर्जला’ व्रत रख रहे हैं और भगवान सूर्य की उपासना में लीन हैं। इससे पहले, शनिवार को छठ व्रतियों ने ‘खरना’ की रस्म निभाई और पारंपरिक तरीके से ‘प्रसाद’ तैयार किया, जिसमें रसिया, खीर और पूरियां शामिल थीं।
इस प्रसाद को आम की लकड़ी से जलने वाले मिट्टी के चूल्हों पर पकाया गया, जो इस पर्व से जुड़ी पुरानी परंपराओं को बनाए रखता है। कठोर पवित्रता, भक्ति और धार्मिक अनुशासन के एक दिन का पालन करने के बाद, व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने शाम को निर्धारित रीति-रिवाजों के अनुसार ‘खरना’ का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत हुई।कई घरों में, छठ से जुड़ी धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए खरना अनुष्ठान के दौरान अलग और एकांत कमरों में विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन किया गया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पूजा समारोह में हिस्सा लेकर सोनिया विहार घाट पर डूबते सूर्य को ‘अर्घ्य’ दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंत्री कपिल मिश्रा और भाजपा सांसद मनोज तिवारी के साथ नाव में सवार होकर व्रतियों का अभिवादन किया। वहीं, दिल्ली में बने अलग-अलग घाटों पर भी व्रतियों का हुजूम उमड़ा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘आज हमारे लिए बहुत शुभ दिन है। हमारे लाखों पूर्वांचली भाई-बहनों के कारण दिल्ली गतिमान होती है। आज यहां यमुना घाट पर हम सभी मिलकर छठ महापर्व मना रहे हैं। आज लाखों की संख्या में लोग अराधना कर रहे हैं। हमने पूरी कोशिश की हम अपने श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराएं… हमारा एक-एक व्यक्ति हमेशा दिल्ली की जनता की सेवा में लगा रहेगा। अपने पूर्वांचल के भाई-बहनों का ध्यान रखना हमारा कर्तव्य है।’
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “दिल्ली सरकार ने आज छठ पूजा की तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री ने खुद सोनिया विहार घाट पर जाकर अर्घ्य दिया। छठ पूजा मनाने के लिए यमुना किनारे कुल 24 मॉडल घाट बनाए गए हैं और दिल्ली सरकार ने पूरे शहर में 1,435 जगहों पर इस त्योहार के लिए इंतजाम किए हैं। दिल्ली सरकार और सभी श्रद्धालुओं द्वारा एक बहुत ही भव्य छठ आयोजित की जाएगी।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भव्यता, दिव्यता की अद्भूत और विहंगम छंटा दिल्ली के छठ घाटों पर ऐसी उमड़ी कि आंखें ठहर गई। हर ओर भक्ति की ज्वार और भावनाएं भावुकता से भरी थी। जैसे, घाट किनारे न सिर्फ समूचा पूर्वांचल उमड़ा हो बल्कि उस माटी की सुगंध भी छा गई हो।
विशेष कि आइटीओ घाट पर रंग बिरंगी बिजली की सजावट, दीवारों में छठ पूजा की उकेरी तस्वीर और अन्य व्यवस्थाओं से श्रद्धालु गदगद दिखे। वह खुद कहते मिले कि यह दिल्ली नहीं बल्कि गंगा किनारे का पटना स्थित दीघा घाट आकार ले लिया हो।वैसे, ही छठ गीतों की गूंज के साथ भोजपुरी और मैथिली में उद्घोषणा अहसास करा रही थी। सुरक्षा व सुविधा व्यवस्था उन्हें खास सम्मान का एहसास करा रही थी। स्थिति यह कि रविवार को यमुना तट ही नहीं दिल्लीभर के कृत्रिम घाटों पर भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भूत संगम नजर आया। लाखों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव व पूरी आस्था से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरी रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से घाट भक्ति में ओत-प्रोत रहा।
इसके पूर्व पारंपरिक वेशभूषा व श्रृंगार में व्रती महिलाओं के साथ परिवार के पुरुष व बच्चे हाथों में सुपली और प्रसाद से भरे दउरा लेकर सूर्य उपासना के लिए जब निकले तो सड़कों पर भी मानो श्रद्धा की धार बह निकली हो। कोई नंगे पैर बढ़े चले आ रहा था तो कोई मनोकामना के साथ दंडवत प्रणाम करते बढ़े चले आ रहा था। जिन्हें देखकर आस्था और गहरी होती जा रही थी,लोग पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे थे।
दरभंगा के युवा राहुल चौधरी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था तो उन्होंने बिहार में भी नहीं देखी। जबकि, नेपाल के नीरेंद्र कुमार लाइटिंग देख अभिभूत थे। गणेश नगर के संतराज ने कहा कि वह 1982 से घाट पर आ रहे हैं। दो वर्षों में जो बदलाव और व्यवस्था देखी गई, वह पहले नहीं थी। हालांकि, मंडावली की सुनीता देवी पुलिस द्वारा रोके जाने पर नाराज दिखीं तो उत्तम नगर की नीतू ने कहा कि लग नहीं रहा कि यह दिल्ली है।
आइटीओ के साथ ही वासुदेव घाट, कुदेसिया, मयूर विहार और कालिंदी कुंज जैसे घाटों पर पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक भक्त व श्रद्धालु पहुंचे। इसी तरह, करोलबाग स्थित अजमल खां पार्क, देवनगर सीपीडब्ल्यूडी क्वार्टर और आरामबाग सरकारी क्वार्टर समेत अन्य क्षेत्रोें में बनाए गए कृत्रिम घाटों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
घाटों पर ऐसा भावनात्मक माहौल देखने को मिला कि कई भक्तों की आंखों से आंसू तक छलक पड़े। महिलाएं छठ गीत गा रही थीं, बच्चे दीप लेकर पानी में खेलते हुए भक्ति में डूबे थे। अमीर-गरीब, शिक्षित-अशिक्षित, सभी भेदभाव मिटाकर सभी आस्था की एक ही डोर में पगे नजर आए। गाजियाबाद, उत्तम नगर, पटेल नगर, पूर्वी दिल्ली और करोलबाग जैसे इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यमुना किनारे पहुंचे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए शासन-प्रशासन तथा पुलिस के साथ पूजा समितियों द्वारा भी घाटों पर सुरक्षा, सफाई, सुविधा व सहायता के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद रहे। साथ ही मचान तथा सीसीटीवी से भी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव घटवा पे तिवई चढ़ावेले हो…जल बीच खड़ा होई दर्शन ला आसरा लगावेले हो… हो और केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल… जैसी गीतों की प्रस्तुति ने भक्तों को आस्था से ओतप्रोत कर दिया। आँखों में आँसू थे तो लब पर गीत के बोल थे। आईटीओ घाट से लेकर विभिन्न पूजा घाटों पर रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई।
छठ की शाम दिल्ली का नजारा अद्भुत था एक ओर महिलाएं अर्घ्य अर्पित कर सूर्य देव को नमन कर रही थीं, दूसरी ओर बच्चे और बुजुर्ग इस क्षण को अपने कैमरों में कैद करने में व्यस्त थे। विशेष कि इस बार घाटों पर सेल्फी प्वाइंट लगाए गए थे।
सौरभ भारद्वाज का बड़ा आरोप, छठ पूजा समितियों को भाजपा में शामिल होने का बनाया जा रहा दबाव
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने यमुना प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार की पोल एक दलित युवा ने खोल दी है। सरकार ने करोड़ों रुपए का विज्ञापन देकर दिखाया कि उसने यमुना को साफ कर दिया है, लेकिन उस युवा ने पांच मिनट का वीडियो बनाकर दिखा दिया कि यमुना इतनी प्रदूषित है कि उसके अंदर हजारों मछलियां मर गईं। इससे सरकार बौखला गई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने यह जांच करने के बजाय कि मछलियां क्यों मरीं और प्रदूषण कहां से आ रहा है, वीडियो बनाने वाले युवक को ही गिरफ्तार कर लिया। जब आम आदमी पार्टी के लोग वहां पहुंचे, तब उसे छोड़ना पड़ा।
भारद्वाज ने कहा कि वह ऑन रिकॉर्ड कह रहे हैं कि यमुना प्रदूषित है। जो भी पूर्वांचली भाई–बहन छठ पूजा में अपने बच्चों को वहां ले जाएंगे और अगर बच्चे वहां का पानी पी लेंगे, तो वे बीमार पड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रवेश वर्मा को जो करना है, वह कर लें। जहां मुकदमा करना है, कर लें। वह अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगे।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी सभी धार्मिक कार्यक्रमों में अपनी ठेकेदारी डालने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों पर दबाव बनाया गया कि कांवड़ यात्रा तभी होने दी जाएगी, जब वे भाजपा में शामिल होंगे। यही स्थिति छठ पूजा में भी देखने को मिल रही है। जो छठ पूजा समितियां दशकों से छठ पूजा कराती आ रही हैं, उन्हें फंड नहीं दिया गया। उनसे कहा गया कि अगर वे भाजपा में आएंगे, तो ही उन्हें फंड मिलेगा। अगर वे भाजपा में आएंगे, तो ही उन्हें छठ समिति में रखा जाएगा, वरना उन्हें निकाल दिया जाएगा। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के लोग यह काम खुलेआम कर रहे हैं। उनका मकसद पहले धार्मिक स्थलों पर कब्जा करना है और फिर चंदे की चोरी करना है, जैसा कि राम मंदिर के मामले में देखा गया।
दिल्ली में एयर प्यूरीफायर की बढ़ती बिक्री पर भारद्वाज ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि लोग सरकार के झूठे एक्यूआई आंकड़ों को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। सरकार झूठे आंकड़े दिखा रही है कि दीपावली में प्रदूषण नहीं हुआ, पटाखों से प्रदूषण नहीं होता और एक्यूआई कम हो गया है।
उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि सरकार झूठी है और फ्रॉड है, इसलिए उसके आंकड़ों को नहीं मानते। लोगों को अपनी आंखों से प्रदूषण दिख रहा है और अपनी सांसों से महसूस हो रहा है। इसलिए लोगों ने अपने घरों के लिए उपकरण खरीद लिए हैं। इसका मतलब है कि सरकार का झूठ जनता को समझ में आ रहा है।
मोती नगर में एक कपड़े के दुकान के ट्रायल रूम से एक युवती का शव मिलने के मामले पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में पूरी तरह जंगलराज है। यहां की कानून–व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। दिल्ली पुलिस मजाक का विषय बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को डंडे मारने हों तो दिल्ली पुलिस सबसे आगे है। महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने में भी पुलिस के लोग सबसे आगे हैं। कानून–व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जांच में पुलिस की कोई रुचि नहीं है। सिर्फ रिश्वत जहां मिले, वहां पुलिस काम करने को तैयार है। जहां राजनीतिक दबाव आ जाए, वहां काम करने को तैयार है। ईमानदारी से काम करने वाले अफसर अब बहुत कम बचे हैं।






