back to top

“मैं इंदिरा गांधी से बहुत डरती थी, मुझे समझ नहीं आता था कि उनके पास कैसे जाऊं और उनसे क्या कहूं-सोनिया गांधी

Must Read

श्याम लाल शर्मा/नई दिल्ली

यूं तो कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की  किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी।जिसका आज विधिवत भव्य समारोह में विमोचन किया गया। यह सोनिया गांधी के जीवन का  संस्मरण है, जिसमें उन्होंने अपने जीवन, परिवार और निजी अनुभवों को साझा किया है।इस दौरान सोनिया गांधी ने अपने जीवन पर बनी फिल्म देखकर भावुक हो गईं। कार्यक्रम में उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। दोनों ने सोनिया गांधी के साथ मिलकर किताब का विमोचन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

किताब के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने इसे लिखने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार, सास, पति, बेटे और बेटी के बारे में लंबे समय से कई तरह की बातें कही जाती रही हैं। इनमें से ज्यादातर बातें सच नहीं हैं।सोनिया गांधी के मुताबिक, उनके परिवार के बारे में कई कहानियां गढ़ी गईं और गलत बातें फैलाई गईं। उन्होंने सोचा कि किताब के जरिए वह अपने परिवार के बारे में वह सब बता सकती हैं, जो वह खुद जानती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके साथियों और दोस्तों ने भी शायद ऐसे अनुभव किए होंगे।

सोनिया गांधी ने अपनी किताब के ऑफिशियल रिलीज के बाद कहा, लोगों के प्यार से मैं बहुत खुश हूं। मुझे लगा था कि लोग उम्मीद करेंगे, लेकिन एक लिमिट तक, मैं बहुत खुश हूं। सोनिया गांधी ने आगे कहा, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उन्हें पुस्तक लिखने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में यह मुश्किल था, लेकिन जब से मैंने शुरू किया, यह एक तरह का धमाका था। यह किताब लिखने का एक कारण यह है कि सास, पति, मेरे बच्चे और मेरे बारे में बहुत सी ऐसी बातें कही जा रही हैं, जो सच नहीं हैं।

अपनी किताब को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह लोगों के प्यार और स्नेह से अभिभूत हैं। लोगों ने किताब खरीदी, अपनी टिप्पणियां दीं और आलोचनाएं भी कीं। इन सभी प्रतिक्रियाओं ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है।उन्होंने कहा कि कुछ आलोचनाएं काफी तीखी हैं, जबकि कुछ में लोग खुलकर अपनी बात रखते हैं। सोनिया गांधी ने माना कि आलोचनाएं भी जरूरी हैं।

सोनिया गांधी ने बताया कि वह अपने पति राजीव गांधी की राजनीति में आने के बिल्कुल खिलाफ थीं। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पूरा जीवन राजनीति और देश के काम में समर्पित करते देखा था। सोनिया के मुताबिक, उन्हें डर था कि अगर राजीव गांधी भी राजनीति में आए तो उनका पारिवारिक जीवन बदल जाएगा और वह अपने पति के साथ समय नहीं बिता पाएंगी।

उन्होंने बताया कि राजनीति में आने के बाद राजीव गांधी लगातार यात्राओं पर रहने लगे। इससे परिवार की जिंदगी बदल गई। हालांकि, सोनिया ने कहा कि दोनों के रिश्ते पर इसका एक सकारात्मक असर भी पड़ा। राजीव जितना भी समय परिवार के साथ बिताते थे, वह उनके और बच्चों के लिए पहले से ज्यादा कीमती हो गया था।

सोनिया गांधी ने कहा, “मैं इंदिरा गांधी से बहुत डरती थी। मुझे समझ नहीं आता था कि उनके पास कैसे जाऊं और उनसे क्या कहूं। मेरे पति राजीव गांधी और उनके भाई संजय गांधी उन्हें ‘मां’ कहकर बुलाते थे। ऐसे में मुझसे भी उम्मीद की जाती थी कि मैं उन्हें मां या मम्मी कहूँ। लेकिन मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहती थी, क्योंकि मेरे लिए मां का मतलब सिर्फ मेरी अपनी मां थीं, जो इटली में थीं।” उन्होंने बताया कि वह इंदिरा गांधी से सीधे बात करने के बजाय उनसे संपर्क करने का कोई दूसरा रास्ता तलाशती रहती थीं, ताकि उन्हें मां कहकर न बुलाना पड़े। हालांकि, धीरे-धीरे जब उनके बीच परिचय और सहजता बढ़ी, तो सोनिया गांधी उन्हें मां कहने लगीं। सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व बहुत प्रभावशाली था। वह उनसे प्रभावित भी थीं और थोड़ी डरी हुई भी रहती थीं। उन्होंने बताया कि कभी-कभी इंदिरा गांधी को गुस्सा आ जाता था, जिससे उन्हें अपने पिता की याद आती थी और वह सहम जाती थीं। सोनिया गांधी के मुताबिक, ऐसे मौकों पर राजीव गांधी और संजय गांधी चुपचाप बैठकर इंदिरा गांधी का गुस्सा शांत होने का इंतजार करते थे। हालांकि, ऐसा बहुत कम होता था।

सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी की हत्या से पहले परिवार की सुरक्षा को लेकर सामने आई चुनौतियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या से करीब दो महीने पहले राहुल और प्रियंका गांधी को बोर्डिंग स्कूल से वापस बुला लिया गया था।सुरक्षा एजेंसियों ने परिवार को बताया था कि स्कूल का खुला परिसर बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है। इंदिरा गांधी और बच्चों को लेकर धमकियां भी मिल रही थीं।इसके बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो परिवार की सुरक्षा और सख्त कर दी गई। सोनिया गांधी ने बताया कि उन पांच वर्षों में परिवार की जिंदगी काफी सीमित हो गई थी।उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका को घर से बाहर जाने की बहुत कम अनुमति थी। कभी-कभार बिना किसी पूर्व सूचना के उन्हें बाहर जाने का मौका मिलता था। दोनों की पढ़ाई भी घर पर ही हुई।

सोनिया ने बताया कि राजीव गांधी जहां भी जाते थे, वह उनके साथ रहती थीं। राजीव चाहते थे कि वह उनके साथ रहें और वह खुद भी उनके साथ रहना पसंद करती थीं। किताब लिखने के अनुभव को साझा करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि जिंदगी के शुरुआती दिनों को याद करना उनके लिए आसान था। इस दौरान उन्हें कई ऐसी बातें भी याद आईं, जिनके बारे में उन्होंने सालों से नहीं सोचा था।

हालांकि, कुछ अनुभव ऐसे थे जिन्हें लिखना बहुत मुश्किल था। इनमें उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या तथा उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़े पल शामिल थे। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के बाद वह गहरे सदमे और दर्द से गुज़री थीं। उस समय की कुछ बातें तो वह भूल भी गई थीं। इसलिए उन अनुभवों को दोबारा याद करना आसान नहीं था। सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव गांधी की हत्या के कुछ महीने बाद राहुल गांधी को कॉलेज की पढ़ाई के लिए विदेश जाना था। सुरक्षा कारणों से राहुल ने हार्वर्ड में सुरक्षा व्यवस्था लेने से इनकार कर दिया था, क्योंकि इससे दूसरे लोगों को भी खतरा हो सकता था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसी व्यवस्था की कि राहुल दूसरे कॉलेज में पढ़ाई कर सकें। वहां उन्हें एक अलग नाम से रहना पड़ा। उनकी असली पहचान भी गोपनीय रखी गई।

सोनिया ने कहा कि राहुल के लिए इस तरह रहना आसान नहीं रहा होगा। वह अपने परिवार के बारे में लोगों से खुलकर बात नहीं कर सकते थे और दोस्तों के साथ सामान्य जिंदगी भी नहीं जी पाते थे।उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी ने उस समय विदेश जाने से इनकार कर दिया और मां की देखभाल के लिए उनके साथ रुक गईं। प्रियंका ने कुछ समय तक अपनी पढ़ाई जारी रखी, लेकिन बाद में वह मुख्य रूप से सोनिया की देखभाल करने लगीं।सोनिया ने भावुक होते हुए कहा, ‘एक समय ऐसा भी आया, जब मैं बच्ची बन गई और मेरे बच्चे मेरे माता-पिता बन गए।’सोनिया गांधी ने राजनीति में युवाओं की भागीदारी को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को राजनीति से जुड़ना चाहिए और अपनी आवाज उठानी चाहिए।उन्होंने युवाओं के एक साथ आकर अपने अधिकारों की मांग करने को उत्साहजनक बताया। सोनिया के मुताबिक, युवाओं को केवल सलाह देने के बजाय नेताओं को उनसे सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि वे देश का भविष्य हैं और कई मामलों में मौजूदा पीढ़ी से बेहतर समझ रखते हैं।

सोनिया गांधी ने आगे बताया कि राहुल और प्रियंका गांधी के जन्म के बाद इंदिरा गांधी के व्यवहार में काफी बदलाव आया था। उन्होंने कहा, “जब राहुल और प्रियंका का जन्म हुआ, तो वे पूरी तरह बदल गए। मुझे लगता है कि ज्यादातर दादियां और नानियां बच्चों के आने के बाद नरम हो जाती हैं। इसके बाद आप महसूस करते हैं कि वे पहले से ज्यादा समझने वाली और संवेदनशील हो गई हैं।”

किताब विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें सख्त निर्देश मिले हैं, जिनका वह पालन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत सख्त निर्देश दिए गए हैं और मैं उनका पालन करूंगा। राजनीति की कोई बात नहीं होगी। लेकिन एक बेटे के तौर पर या बच्चों के रूप में मुझे लगा कि हममें से किसी एक को अपनी मां के व्यक्तित्व की भी थोड़ी झलक पेश करनी चाहिए।” राहुल गांधी ने कहा कि उनके माता-पिता की मुलाकात को लेकर कई तरह की कहानियां और किस्से प्रचलित रहे हैं। इनमें से एक चर्चित कहानी कैम्ब्रिज के ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ में उनकी पहली मुलाकात से जुड़ी थी। राहुल ने बताया कि कई साल बाद जब वह कैम्ब्रिज गए, तो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्टोरेंट में पहुंचे, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे।

उन्होंने बताया कि मैं वहां बैठा था। वेटर मेन्यू लेकर आया तो मैंने उससे कहा कि मेरे माता-पिता की मुलाकात इसी रेस्टोरेंट में हुई थी। यह सुनकर उसने मेरी ओर देखा और कहा कि ओह, वे दोनों! मैं उन्हें जानता हूं।’ मैंने उससे पूछा कि वह उनके बारे में क्या जानता है? इस पर उसने कहा कि वह बिल्कुल जानता है कि मैं किन दोनों लोगों की बात कर रहा हूँ।”

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भी अपनी मां सोनिया गांधी के बारे में भावुक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि किताब में जिस सोनिया गांधी के बारे में पढ़ने को मिल रहा है, वह उनके पिता राजीव गांधी के निधन से पहले वाली उनकी मां हैं।

राहुल ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी में कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने कैंसर से लड़ने के अपने अनुभवों का भी जिक्र किया। राहुल के मुताबिक, उन्होंने अपनी मां को कभी डरते या पीछे हटते हुए नहीं देखा।उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी जिंदगी में उन्हें कभी डरते हुए नहीं देखा। मैंने कभी उन्हें पीछे हटते हुए नहीं देखा।’ राहुल गांधी ने अपनी मां से कहा कि उनके पिता राजीव गांधी उनसे बहुत प्यार करते थे और उन्हें सोनिया पर कितना गर्व था, यह शब्दों में बताना मुश्किल है।

सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के कुछ सुखद पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पति राजीव गांधी से पहली मुलाकात और अपने बच्चों के जन्म की यादें उनके लिए बेहद खास हैं।उन्होंने कहा कि किताब लिखते समय इन खूबसूरत पलों को याद करना सुखद अनुभव रहा। इस संस्मरण के जरिए उन्होंने अपनी जिंदगी, परिवार और निजी अनुभवों के उन पहलुओं को सामने रखने की कोशिश की है, जिनके बारे में वह खुद बताना चाहती थीं।

सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन पर विभिन्न दलों के प्रमुख नेता एकजुट हुए। इस संस्मरण में उनके निजी जीवन, यूपीए कार्यकाल और 2004 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम शामिल हैं। सोनिया ने कहा कि बच्चों की प्रेरणा से लिखी यह पुस्तक उनके परिवार के बारे में फैली झूठी बातों को स्पष्ट करती है।अभिनेता से राजनेता बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में से एक थे; इस कार्यक्रम में विभिन्न दलों के राजनीतिक नेताओं का एक दुर्लभ जमावड़ा देखने को मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ मौजूद थे। इसमें शामिल होने वालों में NCP (SP) नेता सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी, सांसद डिंपल यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी शामिल थे।

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पी चिदंबरम, अंबिका सोनी और प्रमोद तिवारी जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अभिषेक मनु सिंघवी और गौरव गोगोई भी मौजूद थे। प्रियंका गांधी के पति और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव‘ में सोनिया गांधी के जीवन का सफर दिखाया गया है – इटली में उनके शुरुआती सालों से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ उनकी शादी, भारतीय सार्वजनिक जीवन में उनका प्रवेश और राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में बिताए गए उनके दशकों तक का सफर। इस संस्मरण में उन्होंने प्रमुख राजनीतिक घटनाओं के बारे में भी बताया है, जिनमें कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन‘ (UPA) के साल, 2004 में प्रधानमंत्री का पद ठुकराने का उनका फैसला, और उनके परिवार तथा पार्टी के सामने आई राजनीतिक चुनौतियां शामिल हैं।

- Advertisement -spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest News

जब हमें आरक्षण दिया गया है, तो हमारी वास्तविक संख्या क्यों नहीं गिनी जाती?-योगेंद्र यादव

https://youtu.be/jVQ1rHHSuQE जातिवार जनगणना की मांग कोई नई मांग नहीं है। पिछले 75 वर्षों से सामाजिक न्याय और जाति व्यवस्था के...
- Advertisement -spot_imgspot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_imgspot_img