
श्याम लाल शर्मा/आगरा
आगरा के जी.आई.सी. मैदान से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज 15 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दलित सम्मेलन करके बहुजन समाजवादी पार्टी के परंपरागत दलित वोट पर अपनी निगाहें गड़ाते हुए उत्तर प्रदेश के 2027 के विधानसभा का चुनावी शंखनाद फूंक दिया।उन्होंने दावा किया कि दलित समाज आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा का सफाया करेगा।इस रैली की सफलता ने साबित कर दिया है कि 2027 में पीडीए सरकार आ रही है, जो ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाएगी, हर भेदभाव मिटाएगी और सकारात्मक-प्रगतिशील विचारों से सबके मान-सम्मान, व्यक्ति की गरिमा व प्रतिष्ठा और सबकी तरक़्क़ी-ख़ुशहाली को सुनिश्चित करनेवाला ‘बंधु-राष्ट्र’ बनाएगी।
आगरा के दलित महासम्मेलन में जुटे जन सैलाब को देखते हुए ये लगा कि ये रैली केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नहीं है बल्कि पूरे प्रदेश का दलित समाज एकत्र होकर यहाँ आ गया है। जो लोग कह रहे थे अंगद का पैर है आगरा के इस सम्मेलन के बाद उनकी जमीं खिसक जाएगी और जब जमीन ही नहीं रहेगी तो अंगद का पैर कहाँ रखोगे। यह पी डी ए आंदोलन की आगरा से शुरुआत हुई है।हमारा मानना है कि अब पीडीए में ‘डी’ का मतलब ‘दलित’ से बढ़कर ‘दमदार दलित’ हो गया है।
आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन को इसी रणनीति की बड़ी शुरुआत माना जा रहा है। अखिलेश ने इसके लिए उस आगरा को चुना, जिसे कभी बीएसपी की राजनीति का मजबूत केंद्र माना जाता था। समाजवादी पार्टी की कोशिश है कि दलित मतदाताओं को पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के समीकरण से जोड़कर बीजेपी को चुनौती दी जाए। इसके लिए पार्टी केवल आगरा ही नहीं, बल्कि मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, कासगंज, अलीगढ़ और मैनपुरी तक अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहती है। इन क्षेत्रों में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों और बीएसपी के पुराने प्रभाव वाले इलाकों पर समाजवादी पार्टी की खास नजर है।
अखिलेश यादव ने सम्मेलन में दलित समाज के मुद्दों को उठाते हुए बीजेपी सरकार पर दलितों के उत्पीड़न और महापुरुषों के अपमान के आरोप लगाए। उन्होंने पीडीए की एकजुटता पर जोर दिया और कहा कि 2027 का चुनाव रोजी-रोटी और रोजगार जैसे मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए। सम्मेलन में दलित नेताओं और पार्टी के सांसदों-विधायकों को भी मंच पर जगह दी गई।समाजवादी पार्टी सांसद रामजीलाल सुमन ने आगरा को दलित चेतना का केंद्र बताते हुए दलितों पर अत्याचार और सरकारी कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि बीजेपी को हराने वाली ताकतों को समाजवादी पार्टी के साथ आना चाहिए। सम्मेलन में बाल योगी और फिरोजाबाद से मेयर का चुनाव लड़ चुके राजेंद्र सिंह राठौर के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की भी चर्चा रही। पार्टी ने इस आयोजन के जरिए दलित समाज के बीच अपने नए राजनीतिक चेहरे और संगठन की ताकत दिखाने की कोशिश की।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित दलित-PDA महासम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगरा से PDA आंदोलन की शुरुआत हो रही है। उन्हें खुशी है कि यह सम्मेलन केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि पूरे देश का दलित सम्मेलन नजर आ रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा को ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अंगद का पैर कह रहे थे, अब उनकी जमीन खिसक जाएगी। दलित समाज भाजपा को जवाब देगा और उसका सफाया करेगा।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि PDA की ताकत बढ़ने के बाद भाजपा तमाम तरह की साजिशें कर रही है। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार बनी है, तबसे देश में दलितों पर सबसे ज्यादा अन्याय उत्तर प्रदेश में हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की सबसे ज्यादा मूर्तियां तोड़ी गई हैं। मूर्तियों पर हमला करने वाले सबसे पहले बाबा साहब के हाथ में पकड़ी हुई किताब को निशाना बनाते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र बचेगा, तभी संविधान बचेगा। उन्होंने दलित समाज को PDA आंदोलन से जोड़ते हुए भाजपा के खिलाफ राजनीतिक जवाब देने की बात कही।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुँचाए जाने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दावा किया कि पहले 151 प्रतिमाएं तोड़ी गई थीं और अब यह संख्या 200 तक पहुंच गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। सपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ना संविधान और उससे मिले अधिकारों पर हमला करने जैसा है. उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी लोगों के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर दलित-विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो भी भाजपा के साथ खड़ा है, वह दलितों के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में जो लोग हारे हैं, वे 2027 में भी हारेंगे। सपा सरकार बनने पर भाजपा को सत्ता से विदाई दी जाएगी।
दलित समाज को साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज दिया जाएगा। महापुरुषों की प्रतिमाएं तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त सजा का कानून भी बनाया जाएगा।
युवाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद पेपर लीक करा रही है, क्योंकि परीक्षाएं होंगी तो नौकरियां देनी पड़ेंगी और आरक्षण भी देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और सरकारी नौकरियों में खाली पद भरे जाएंगे।
आगरा के जूता कारोबार का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कारीगरों को भरोसा दिलाया कि उनसे आठ घंटे से ज्यादा काम कराया गया तो ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी की वजह से कारीगर आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। मजदूरों और कारीगरों को न्यूनतम मजदूरी के साथ ओवरटाइम का पैसा दिलाया जाएगा।
आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित इस महासम्मेलन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता पहुंचे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए नेताओं की मौजूदगी रही।. आजाद समाज पार्टी और कांग्रेस से जुड़े नेताओं के पहुंचने से कार्यक्रम में राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा में रहीं.अखिलेश यादव की मौजूदगी और सम्मेलन में दूसरे दलों के नेताओं की भागीदारी को देखते हुए कार्यक्रम पर सभी की नजरें टिकी रहीं. अब देखना होगा कि इस सम्मेलन में कितने नेता समाजवादी पार्टी का दामन थामते हैं और पार्टी की ओर से दलित समाज को लेकर क्या राजनीतिक संदेश दिया जाता है
अयोध्या (फैजाबाद) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगरा में जब-जब नेताजी ने सम्मेलन किया, तब-तब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई है। आगरा में होने वाला हर सम्मेलन पार्टी के लिए शुभ साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। वहीं, आगरा में भाजपा को एमएलसी चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को हटाने का मन बना लिया है। जनता जानती है कि भाजपा को सत्ता से हटाने की ताकत समाजवादी पार्टी में ही है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि वह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की धरती अयोध्या से आते हैं। अखिलेश यादव ने उन्हें अयोध्या से टिकट देकर भाजपा का घमंड चूर कर दिया और उन्होंने वहां से जीत दर्ज की। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा की विदाई का समय आ गया है। यह बदलाव की आंधी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में 50 सीटें भी हासिल नहीं कर पाएगी।
समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। सम्मेलन के मंच से बाल योगी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बाल योगी ने कहा कि अब नेताजी के बेटे अखिलेश यादव पर विश्वास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिता के पास 85 साल का अनुभव है और बेटे के पास 50 साल का अनुभव है। बाल योगी ने दावा किया कि 70 हजार कार्यकर्ताओं की गरीब सेना पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
सम्मेलन के मंच से मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश महिला अपराध के मामले में सबसे आगे है। भाजपा दलितों का सम्मान नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि यदि वे सम्मान नहीं कर सकते हैं तो उन्हें कुर्सी से उठाने और उस पर अखिलेश यादव को बैठाने का काम किया जाएगा।
आगरा को लंबे समय से दलित चेतना और बहुजन राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। कांशीराम के दौर में बीएसपी ने यहां मजबूत संगठन और अपना वोट बैंक तैयार किया था। 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में बीएसपी ने आगरा जिले की नौ में से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2017 और 2022 के चुनाव में बीजेपी ने जिले की सभी नौ सीटें जीत लीं। समाजवादी पार्टी और बीएसपी दोनों के खाते नहीं खुले।यही वजह है कि अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव से पहले आगरा में दलित महासम्मेलन आयोजित कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। सम्मेलन का संयोजन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने किया। पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों के कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी की थी। जीआईसी मैदान में दो मंच बनाए गए और बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया।
आगरा के साथ आसमाजवादी पार्टीस के ब्रज और अलीगढ़ मंडल के आठ जिलों में कुल 40 विधानसभा सीटें हैं। इनमें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित नौ सीटें हैं। ये सीटें हैं- आगरा कैंट, आगरा ग्रामीण, मथुरा की बलदेव, फिरोजाबाद की टूंडला, मैनपुरी की किशनी, एटा की जलेसर, हाथरस, अलीगढ़ की खैर और इगलास।इन नौ सीटों को दलित राजनीति के लिहाज से अहम माना जाता है। हालांकि, आरक्षित सीट होने का मतलब यह नहीं कि वहां दलित मतदाता बहुसंख्यक हैं। इन सीटों पर सभी वर्गों के मतदाता वोट डालते हैं, लेकिन उम्मीदवार अनुसूचित जाति से ही हो सकता है। 2022 के चुनाव में इन नौ में से आठ सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी, जबकि किशनी सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई थी। यानी इस पूरे क्षेत्र में बीजेपी का दबदबा रहा और समाजवादी पार्टी को दलित राजनीति के लिहाज से बड़ी चुनौती मिली।
2022 के चुनाव में इन आरक्षित सीटों में तीन ऐसी थीं, जहां समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सीधे बीजेपी के मुकाबले दूसरे स्थान पर रहे।आगरा कैंट: बीजेपी के जीएस धर्मेश को 1,17,796 वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के कुंवर चंद को 69,099 वोट मिले। बीजेपी ने यह सीट 48,697 वोटों से जीती। यहां बीएसपी के भारतेंद्र अरुण को 54,409 वोट मिले थे।टूंडला: बीजेपी के प्रेमपाल सिंह धनगर को 1,22,881 वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के राकेश बाबू को 75,190 वोट मिले। बीजेपी ने 47,691 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।जलेसर: यहां मुकाबला काफी करीबी रहा। बीजेपी के संजीव कुमार को 91,339 वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के रंजीत सुमन को 86,898 वोट मिले। बीजेपी ने यह सीट महज 4,441 वोटों से जीती। यह सीट समाजवादी पार्टी के लिए 2027 में वापसी की संभावनाओं के लिहाज से अहम हो सकती है।
बाकी पांच आरक्षित सीटों पर भी 2022 में बीजेपी ने जीत दर्ज की, लेकिन इन जगहों पर समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर नहीं थी। आगरा ग्रामीण में बीजेपी की बेबी रानी मौर्य ने जीत हासिल की और बीएसपी की किरण प्रभा केसरी दूसरे स्थान पर रहीं। हाथरस में बीजेपी की अंजुला सिंह माहौर ने जीत दर्ज की, जबकि बीएसपी दूसरे स्थान पर रही। मथुरा की बलदेव सीट पर बीजेपी के पूरन प्रकाश ने जीत हासिल की और आरएलडी दूसरे स्थान पर रही। अलीगढ़ की खैर सीट पर बीजेपी के अनूप प्रधान वाल्मीकि जीते और बीएसपी दूसरे स्थान पर रही। इगलास में बीजेपी के राजकुमार सहयोगी ने जीत दर्ज की, जबकि आरएलडी दूसरे नंबर पर रही।इन नतीजों से साफ है कि इस क्षेत्र में दलित मतदाताओं के बीच बीएसपी की मौजूदगी कई सीटों पर अब भी दिखाई देती है, जबकि समाजवादी पार्टी को अपना आधार बढ़ाने की जरूरत है। इसलिए अखिलेश की रणनीति सिर्फ बीजेपी के खिलाफ वोट जुटाने की नहीं, बल्कि बीएसपी के पुराने समर्थक वर्ग में भी अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की है।
2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 84 अनुसूचित जाति आरक्षित सीटों में बीएसपी एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। इसके उलट बीजेपी ने 58 और समाजवादी पार्टी ने 16 आरक्षित सीटों पर जीत दर्ज की थी। यह आंकड़ा बताता है कि बीएसपी का पुराना चुनावी आधार कमजोर हुआ है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसका पूरा दलित वोट समाजवादी पार्टी के साथ चला गया है। कई सीटों पर बीएसपी के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे और उनका वोट प्रतिशत भी उल्लेखनीय रहा।समाजवादी पार्टी इसी राजनीतिक स्थिति को अपने लिए अवसर के तौर पर देख रही है। पार्टी दलित समाज के बीच संगठन बढ़ाने, स्थानीय नेताओं को आगे लाने और बाबा साहब आंबेडकर से जुड़े मुद्दों को उठाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के बीच नीली टी-शर्ट और अखिलेश यादव के नीले गमछे को भी इसी राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव के सामने केवल बीजेपी ही नहीं, बल्कि बीएसपी और आजाद समाज पार्टी की भी चुनौती है। मायावती अपने परंपरागत दलित वोट बैंक को फिर से मजबूत करने की तैयारी में हैं। छह दिसंबर को लखनऊ में बीएसपी का बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं चंद्रशेखर आजाद भी दलित राजनीति में अपनी अलग पहचान और प्रभाव बढ़ाने में जुटे हैं।ऐसे में आगरा का सम्मेलन समाजवादी पार्टी के लिए एक राजनीतिक शुरुआत भर नहीं है। अखिलेश यादव की असली परीक्षा यह होगी कि वह दलित समाज को अपने साथ जोड़कर उसे बूथ और विधानसभा स्तर पर वोट में कितना बदल पाते हैं। 2022 में आगरा के आसमाजवादी पार्टीस की नौ आरक्षित सीटों में आठ पर बीजेपी की जीत और कई जगह बीएसपी के मजबूत प्रदर्शन ने चुनावी तस्वीर साफ कर दी थी।






