चौथा अक्षर संवाददाता/ नई दिल्ली
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक बिल को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के बहाने लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की व्यवस्था करना चाहती है। खड़गे ने विधेयक को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठाया। विपक्ष का आरोप है कि प्रस्तावित व्यवस्था से अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समुदायों को उनकी आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान के प्रावधानों के अनुसार इन वर्गों के लिए प्रतिनिधित्व जनसंख्या के अनुपात में सुनिश्चित होना चाहिए, लेकिन प्रस्तावित व्यवस्था में इसे लेकर पर्याप्त स्पष्टता नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में नई जनगणना होने वाली है। यदि परिसीमन नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाता है, तो SC-ST समुदायों की बढ़ी हुई आबादी के अनुसार उनकी सीटों में भी बदलाव हो सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि जब नई जनगणना के आंकड़े उपलब्ध होने वाले हैं, तो मौजूदा प्रस्ताव में उनके आधार पर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की व्यवस्था क्यों स्पष्ट नहीं की गई है।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मिलकर तय किया है कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध किया जाएगा। उन्होंने भाजपा के चुनावी नारों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले 400 पार का नारा दिया गया था और अब लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 800 पार करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य केवल संसद का आकार बढ़ाना नहीं, बल्कि राजनीतिक सत्ता को लंबे समय तक अपने नियंत्रण में रखना है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सत्ता का केंद्रीकरण हुआ तो संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी असर पड़ सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के विवाद के बीच उसी संस्था को परिसीमन की जिम्मेदारी देना उचित नहीं है। खड़गे ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसी प्रक्रिया स्वीकार नहीं है, जिसमें चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हों।
विपक्षी दलों ने परिसीमन की मौजूदा योजना पर तीन शर्तें रखी हैं। कांग्रेस ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन मांगों को साझा किया।
1. लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बरकरार रहें। विपक्ष चाहता है कि परिसीमन के नाम पर सदन की कुल सदस्य संख्या न बढ़ाई जाए।
2. महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही मिले। इसके लिए लोकसभा की संख्या बढ़ाने और नए परिसीमन को अनिवार्य शर्त न बनाया जाए।
3. राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक न बदले। विपक्ष चाहता है कि किसी राज्य की हिस्सेदारी कम या ज्यादा न की जाए। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण का वह विरोध नहीं कर रही। उसकी आपत्ति इसे परिसीमन और लोकसभा की सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया से जोड़ने पर है। विपक्ष के मुताबिक, महिलाओं को आरक्षण देने के लिए मौजूदा सदन में ही व्यवस्था की जा सकती है।
सरकार के प्रस्ताव में ऐसा क्या है, जिस पर विवाद मचा हुआ है? केंद्र सरकार ने 27 नवंबर को कैबिनेट बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयकों को मंजूरी दी। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 शामिल हैं। केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में बदलाव के लिए एक अलग विधेयक भी लाया जाना है। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा में राज्यों की सीटें 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी। केंद्र शासित प्रदेशों की सीटें जोड़ने के बाद सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 हो सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान है। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों को भी 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की बात है। इस प्रस्ताव का एक अहम हिस्सा राज्यों की हिस्सेदारी से जुड़ा है। केंद्र का कहना है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर 2051 तक सुरक्षित रहेगा। वहीं निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। सरकार का तर्क है कि इससे हर राज्य में सीटें बढ़ेंगी और राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात भी बना रहेगा।
परिसीमन पर विरोध सिर्फ SC/ST आरक्षण तक सीमित नहीं है। तेलंगाना सरकार के सलाहकार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी हनुमंत राव ने अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने की इतनी जल्दी में क्यों है, जबकि ओबीसी आबादी के प्रतिनिधित्व पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही। राव ने कहा कि सांसदों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को समझा जा सकता है, लेकिन ओबीसी समुदाय की हिस्सेदारी पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। इससे साफ है कि विपक्ष परिसीमन की बहस को सिर्फ सीटें बढ़ाने तक सीमित नहीं रखना चाहता। वह चाहता है कि नई व्यवस्था में SC, ST और OBC समुदायों के प्रतिनिधित्व पर भी साफ प्रावधान हों।
हालांकि, ओबीसी आरक्षण को लेकर इंडिया गठबंधन की तीन साझा मांगों में अलग से कोई मांग शामिल नहीं की गई है। संसद में बिल पास कराना सरकार के लिए कितना मुश्किल है? लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी। राज्यसभा में 2 दिसंबर से कार्यवाही होगी और दोनों सदनों का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलेगा। सरकार इसी दौरान संशोधित परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाना चाहती है। यह सामान्य विधेयक नहीं, बल्कि संविधान संशोधन से जुड़ा प्रस्ताव है। इसे पास कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों में मौजूद और वोट डालने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी। इसके बाद कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से भी मंजूरी लेनी होगी। यानी सरकार को सिर्फ संसद में संख्या जुटाना काफी नहीं होगा। राज्यों की सहमति भी जरूरी होगी। दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने विरोध का फैसला लेकर सरकार के सामने राजनीतिक और संवैधानिक, दोनों तरह की चुनौती रख दी है।
कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए एक व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने अपने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है।
शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।






