एक समय था जब भारत में मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल बेहद संभलकर किया जाता था। कुछ MB डेटा बचाना भी यूजर्स के लिए बड़ी बात होती थी। लेकिन पिछले एक दशक में देश की डिजिटल तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। 5 सितंबर 2026 को रिलायंस जियो के कमर्शियल लॉन्च के 10 साल पूरे हो रहे हैं और इस दौरान मोबाइल डेटा की कीमत, स्पीड और खपत में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है।
डेटा हुआ सस्ता, इंटरनेट इस्तेमाल कई गुना बढ़ा ?
Analysys Mason की रिपोर्ट के मुताबिक, 2016 में भारत में मोबाइल डेटा की औसत लागत करीब ₹228 प्रति GB थी। अब यह घटकर करीब ₹7.5-₹8 प्रति GB के आसपास रह गई है। यानी एक GB डेटा की कीमत में करीब 97 फीसदी की भारी गिरावट आई है। इसी के साथ मोबाइल इंटरनेट की औसत डाउनलोड स्पीड भी करीब 2.5 Mbps से बढ़कर 68 Mbps से ज्यादा हो गई है। इस बदलाव का सीधा असर डेटा खपत पर पड़ा। 2016 के आसपास एक वायरलेस डेटा ग्राहक महीने में 0.2GB से भी कम डेटा इस्तेमाल करता था। अब राष्ट्रीय औसत मासिक खपत करीब 26.7GB तक पहुंच चुकी है। यानी जो डेटा कभी MB में गिना जाता था, वह अब GB में इस्तेमाल हो रहा है।
Jio की एंट्री ने बदला पूरा टेलीकॉम बाजार ?
साल 2016 में जियो की एंट्री भारतीय टेलीकॉम सेक्टर के लिए बड़ा मोड़ साबित हुई। कंपनी ने 4G VoLTE नेटवर्क के साथ हाई-स्पीड डेटा को बड़े पैमाने पर आम लोगों तक पहुंचाया। जियो की रणनीति में किफायती डेटा और मुफ्त वॉयस कॉलिंग जैसे बदलाव शामिल थे, जिसने मोबाइल इंटरनेट को तेजी से लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। कंपनी ने कमर्शियल लॉन्च के 180 दिनों के भीतर 10 करोड़ 4G ग्राहक हासिल करने का दावा किया था। इसके बाद वीडियो स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन पेमेंट, वीडियो कॉल, गेमिंग, ऑनलाइन शिक्षा और OTT जैसे डिजिटल इस्तेमाल तेजी से बढ़े। सस्ता और तेज इंटरनेट इन सेवाओं को आम यूजर की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
अब Jio यूजर महीने में 43.7GB डेटा खपा रहा ?
जून 2026 तक जियो के नेटवर्क पर प्रति ग्राहक औसत डेटा खपत 43.7GB प्रति माह पहुंच गई थी। कंपनी के मुताबिक, इसी अवधि में उसके नेटवर्क पर कुल 5G डेटा ट्रैफिक 4G ट्रैफिक का करीब डेढ़ गुना हो चुका था। यह दिखाता है कि भारतीय यूजर्स सिर्फ ज्यादा डेटा ही नहीं चला रहे, बल्कि तेज 5G नेटवर्क पर हाई-क्वालिटी डिजिटल कंटेंट का इस्तेमाल भी बढ़ा रहे हैं।
10 साल में बदली इंटरनेट की पूरी तस्वीर ?
जियो के एक दशक के सफर को सिर्फ किसी एक कंपनी की सफलता के तौर पर देखना पूरी तस्वीर नहीं बताता। इस दौरान स्मार्टफोन की पहुंच बढ़ी, 4G और फिर 5G नेटवर्क का विस्तार हुआ और इंटरनेट आधारित सेवाओं ने कारोबार से लेकर मनोरंजन तक हर क्षेत्र को प्रभावित किया। भारत में मोबाइल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या भी 2016 के 13.22 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में करीब 100.23 करोड़ हो गई।
यानी एक दशक पहले जहां मोबाइल इंटरनेट बचाकर इस्तेमाल करने की आदत थी, वहीं आज भारत में बड़ी संख्या में लोग हर महीने दर्जनों GB डेटा खर्च कर रहे हैं। ₹228 प्रति GB से करीब ₹7.5 तक का सफर इस बदलाव की सबसे बड़ी तस्वीर पेश करता है। आने वाले वर्षों में 5G के साथ डेटा की खपत और डिजिटल सेवाओं का विस्तार इस कहानी को और आगे ले जा सकता है।






