नई दिल्ली: घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घोषणा की है कि 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल की बुकिंग के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) पूरा होना जरूरी होगा। सरकार के मुताबिक इसका उद्देश्य सब्सिडी का लाभ वास्तविक और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
किसे करना होगा Aadhaar Biometric Authentication?
जिन LPG उपभोक्ताओं ने पहले ही BAA पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं होगी। 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता, यानी करीब 89.9%, अपना ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे। जिन ग्राहकों का BAA अभी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें 1 अक्टूबर से सब्सिडी के साथ निर्धारित Retail Selling Price पर LPG रिफिल बुक करने के लिए पहले ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
LPG सिलेंडर नहीं होगा बंद, लेकिन सब्सिडी पर पड़ेगा असर ?
एक महत्वपूर्ण बात यह है कि BAA नहीं कराने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहक को LPG सिलेंडर मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा। सरकार के अनुसार ऐसे उपभोक्ता LPG प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें बाजार मूल्य के अनुसार भुगतान करना पड़ सकता है। इसलिए जिन ग्राहकों को सब्सिडी मिलती है, उनके लिए 1 अक्टूबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी करना महत्वपूर्ण है।
सरकार ने ऑथेंटिकेशन के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं। ग्राहक सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी की मदद से BAA करा सकते हैं। इसके अलावा LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। ग्राहक संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप से भी खुद प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं:
Indane: IndianOil ONE ऐप
Bharatgas: HelloBPCL ऐप
HP Gas: HP PAY ऐप
सरकार ने PMUY पोर्टल पर इसके लिए वीडियो ट्यूटोरियल भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।
क्यों लागू किया गया नया नियम ?
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार Aadhaar आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से LPG सब्सिडी को वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि इससे डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों की पहचान, घरेलू LPG के व्यावसायिक या औद्योगिक इस्तेमाल की रोकथाम और सब्सिडी वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सितंबर में करीब ₹210 की अप्रत्यक्ष सब्सिडी ?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब ₹210 की अप्रत्यक्ष सब्सिडी थी। जून 2026 में यह राशि करीब ₹721 प्रति सिलेंडर तक पहुंची थी। ऐसे में LPG सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे 1 अक्टूबर 2026 से पहले अपना Biometric Aadhaar Authentication पूरा कर लें। किसी सहायता के लिए LPG सेवाओं की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 2333 555 पर संपर्क किया जा सकता है।






