back to top

क्या आप पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं ? तो यह लेख आपके लिए जरूरी है-प्रोफेसर हंसराज सुमन

Must Read

  प्रोफेसर हंसराज सुमन – 

क्या आप पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाने चाहते हैं तो इस क्षेत्र में कदम रखने से पहले पत्रकारिता संबंधी सभी जानकारी का होना आवश्यक है। यदि इस विषय में जानकारी चाहते हैं तो यह लेख आपके लिए जरूरी है। यहाँ पत्रकारिता संबंधी जानकारी दी जा रही है। आज की युवा पीढ़ी पत्रकारिता में अपना कॅरियर कैसे बना सकती है और पत्रकार होने के लिए किन-किन गुणों का होना आवश्यक है, इस विषय पर विस्तार से बताया गया है।

देश में जब से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने दस्तक दी है तब से पत्रकारिता के प्रति युवा पीढ़ी का रुझान बढ़ा है। आज भी छात्रों के बीच यदि कोई लोकप्रिय कॅरियर विकल्प है तो वह प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया है। वर्तमान युवा खबरों की दुनिया से अपने आपको जोड़े रखना चाहता है और पत्रकारिता के प्रति आकर्षित है। वह इस क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाना चाहता है।
आज केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, मानद विश्वविद्यालयों ने अपने यहाँ पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अलावा गैर सरकारी संस्थानों ने भी पत्रकारिता पाठ्यक्रम शुरू किया हुआ है।

पत्रकारिता कोर्स कराने वाले संस्थान — यदि आप पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं तो निम्न संस्थानों से स्नातक करने के बाद पत्रकारिता का कोर्स कर सकते हैं – दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया, आईआईंएमसी (दिल्ली), कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (हरियाणा), गुरू जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय खुला विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, महात्मा ज्योतिबा फुले विश्वविद्यालय (बुंदेलखंड) के अलावा बहुत से निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालय भी पत्रकारिता का कोर्स करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त केंद्रीय विश्वविद्यालय व राज्यों के विश्वविद्यालयों के कॉलेज भी पत्रकारिता कोर्स करा रहे हैं। इन विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर जाकर पत्रकारिता कोर्स संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
एक अच्छे पत्रकार में किन-किन गुणों का होना आवश्यक है। छात्र पत्रकारिता पाठ्यक्रम कर लेने के बाद भी बहुत सी ऐसी जानकारी से अनभिज्ञ रह जाते हैं। यदि वास्तव में आपने पत्रकारिता के क्षेत्र में कॅरियर बनाने के विषय में गंभीरता से सोच रहे हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश करना चाहते हैं तो इस लेख में पत्रकारिता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।

शैक्षणिक योग्यता — पत्रकारिता के क्षेत्र में आने के लिए योग्यतानुसार स्नातक डिग्री का होना आवश्यक है। यह स्नातक की डिग्री किसी भी विश्वविद्यालय से प्राप्त की हुई हो तथा वह विश्वविद्यालय / संस्थान विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी ) से मान्यता प्राप्त हो। बहुत से विश्वविद्यालयों ने अपने यहाँ पत्रकारिता का पाठ्यक्रम 12 वीं कक्षा पास के बाद पाँच वर्षीय पत्रकारिता पाठ्यक्रम शुरू किया हुआ है, इस कोर्स के अंतर्गत छात्र स्नातक की डिग्री भी प्राप्त कर सकता है और स्नातकोत्तर की भी डिग्री ले सकता है। इसके अतिरिक्त देश के अंदर बहुत से निजी क्षेत्र के संस्थान और सरकारी संस्थान हैं जो स्नातक के पश्चात् पत्रकारिता में एक वर्षीय डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स भी कराते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ कॉलेजों में बी. ए. ऑनर्स पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम चल रहा, कुछ कॉलेजों ने सर्टिफिकेट कोर्स व डिप्लोमा कोर्स का पाठ्यक्रम भी चलाया हुआ है।

पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश करने से पूर्व एक अच्छे पत्रकार में किन गुणों का होना आवश्यक है ?

सरल और साहित्यिक भाषा — यदि आप एक बेहतर पत्रकार बनना चाहते हैं तो सबसे पहले भाषा पर मजबूत पकड़ होनी चाहिए। आप जिस भाषा में पत्रकारिता करना चाहते हैं उस भाषा पर पूरा एकाधिकार होना चाहिए, साथ-साथ किसी एक क्षेत्रीय भाषा की जानकारी होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त हिन्दी व अंग्रेजी भाषा की अच्छी जानकारी होनी चाहिए। साथ ही अंग्रेजी से हिन्दी और हिन्दी से अंग्रेजी में अनुवाद करने की क्षमता भी होनी चाहिए। क्योंकि अधिकांश खबरें न्यूज एजेंसी से अंग्रेजी में आती हैं, जिनका बहुत जल्द अनुवाद कर समाचार संपादन के लिए देना होता है। अत: एक अच्छे अनुवाद का अभ्यास करना अति आवश्यक है।

दूरदर्शिता और विषय की यथाशीघ्र जानकारी प्राप्त करना — एक दूरदर्शी पत्रकार का दिमाग सदैव नई-नई खबरों को ढूंढता रहता है। उसे हमेशा अपने आँख और कान खोलकर रखने चाहिए। स्वयं को इस तरह से तैयार करना होता है कि दूसरों से बेहतर जानकारी रखते हों तभी खबर को यथाशीघ्र प्राप्त कर पाएंगे। एक अच्छे पत्रकार के पास बैग में कॉपी, पैन का होना आवश्यक है, यदि उसे लगता है कि कोई घटना खबर बन सकती है तो तुरंत लिख लेना चाहिए। खबरों में बने रहना और खबरें ढूंढ़ना एक अच्छे पत्रकार की पहचान है।

आत्मविकास और धैर्य — एक अच्छे पत्रकार में आरंभ से ही आत्मविकास और धैर्य का होना आवश्यक है। जो खबर आपने लिखी है उसके प्रामाणिक पेपर आपके पास होने चाहिए। ऐसे में पत्रकार पर कोई आरोप या केस नहीं कर सकता है। प्रामाणिक खबरों के होने से किसी तरह का संकोच या भय नहीं रहता है। खबर में सत्यता है तो किसी से क्यों डरना। गरीब व बेसहारा लोगों की ताकत बनेंगे और आपमें आत्मविश्वास और धैर्य होगा तो कोई कुछ नहीं कर सकता। बोलने से ज्यादा कलम में ताकत होती है।

खबर प्राप्त करने के लिए तत्पर रहना — अगर आप पत्रकारिता को अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं और एक अच्छा पत्रकार बनकर समाज में बदलाव लाना चाहते है तो अपने आँख और कान को हमेशा खुला रखें। न जाने कब, कहाँ और किस समय कोई बड़ी घटना घटित हो जाए, जो किसी अन्य को न पता हो। एक अच्छे पत्रकार को 24 घंटे खबरों के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। उसका यह गुण ही उसे पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे ले जा सकता है।

व्यावहारिक ज्ञान — सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र का व्यवहारिक ज्ञान होना एक पत्रकार के लिए अनिवार्य है। किसी भी घटना के घटित होने पर स्थानीय लोगों से बेहद शांत भाव से बात करना, किसी नेता या अभिनेता के क्रिया-कलापों से समाज पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी पत्रकारिता के द्वारा जन सामान्य तक पहुंचाना, यह पत्रकार के व्यक्तिगत दक्षता को दर्शाता है। पत्रकार को इतना सक्रिय और सटीक होना चाहिए कि मीडिया हाउस उसकी खबर के लिए प्रतीक्षा करे। यह तभी संभव है जब पत्रकार खबरों की तह तक जाकर उचित खबर प्रेषित करे। विजुअल मीडिया में चैनल पर जनता यदि प्राइम टाइम में पत्रकार की प्रसारित खबरों का इंतजार करती है तो यह पत्रकार की विशेष उपलब्धि है। ऐसा तभी संभव है जब पत्रकार अपनी भाषा प्रस्तुति, खबरों के प्रसारण की कला तथा विषय प्रस्तुति की क्षमता विकसित कर ले। बेहतर पत्रकार अपनी खबरों की प्रस्तुति से पहचाना जाता है।

विषयों की संपूर्ण जानकारी — एक अच्छा पत्रकार बनने के लिए प्रस्तुत खबर का गहन अध्ययन भी आवश्यक है। कोई खबर विज्ञान, पर्यावरण, शिक्षा, समाज, राजनीति, सांस्कृतिक क्षेत्र किसी भी विषय की हो सकती है। पत्रकार को खबर उठाने के साथ-साथ उस विषय की सामान्य जानकारी भी प्राप्त कर लेना चाहिए। इसके लिए संबंधित संस्था या विषय विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। यह जरूरी है, क्योंकि कभी-कभी पत्रकार से ही उस खबर पर बारीक जानकारी मांगी जाने लगती है। यदि पत्रकार जानकारी नहीं दे पाता है तो कितनी भी खास खबर हो उसे प्रसारण से हटा दिया जाता है या फिर किसी अन्य पत्रकार से वह खबर ले ली जाती है। यहाँ पत्रकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा हो जाता है, आगे से उस पत्रकार को मीडिया संस्थान गंभीरता से नहीं लेता है। एक अच्छा पत्रकार जिस क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहा होता है, वहाँ की भौगोलिक जानकारी के साथ उस क्षेत्र की भाषा और संस्कृति के भी उसका परिचित होना आवश्यक है। यह जरूरी नहीं है कि वह वहाँ की भाषा सीखे, लेकिन जन सामान्य के बीच खबर लेते समय कुछ खास शब्दों की जानकारी और बोलचाल के लहजे से परिचित होना जरूरी हो जाता है। जिससे खबर की सत्यता परखने और प्राप्ति में सुविधा होती है।

पत्रकारिता में रोजगार की संभावनाएँ — आज की पत्रकारिता कई माध्यमों में विभाजित हो गई है। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया तमाम पत्रकारिता के नये रूप विकसित हो गए हैं। पत्रकारिता के ये सभी माध्यम प्रचलित हैं और पूरी तरह से क्रियाशील हैं। प्रिंट मीडिया के अंतर्गत समाचार पत्र, पत्रिकाएँ, पुस्तकों का प्रकाशन आता है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में इंटरनेट, टेलिवीजन प्रसारण, रेडियो प्रसारण और डिजिटल मीडिया सक्रिय हैं। आज प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से ज्यादा सोशल मीडिया क्रियाशील है। सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफार्म है जहाँ इंटरनेट का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति सक्रिय है। छोटे और अंदरूनी क्षेत्र की खबर यहाँ बहुतायत से मिल जाती है। एक कुशल पत्रकार यहाँ से खास खबर को एकत्रित कर सकता है तथा उसकी सत्यता एवं अनिवार्यता परख कर उसे मीडिया हाउस में प्रसारण के लिए भेज सकता है। कुछ ऐसे भी पत्रकार हैं जो न तो प्रिंट मीडिया व न ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करते हैं बल्कि अपना न्यूज चैनल खोलकर अच्छी कमाई कर रहे हैं। कई प्रतिष्ठित पत्रकार किसी मीडिया हाउस से ज्यादा कमाई कर रहे हैं। मीडिया में नौकरी से महीने की तनख्वाह मिलती है जबकि व्यक्तिगत चैनल से हर रोज पैसा कमा सकते हैं। वर्तमान समय में सूचनाओं के बढ़ते आदान-प्रदान के कारण व्यक्तिगत मीडिया चैनलों से पत्रकारिता में रोजगार की संभावनाएँ बढ़ गई हैं।

मीडिया में रोजगार के अवसर — यदि आपने किसी मीडिया संस्थान/विश्वविद्यालय/कॉलेज से पत्रकारिता का कोर्स कर लिया और आपकी भाषा पर मजबूत पकड़ तथा अनुवाद करने की क्षमता है तो आप पत्रकारिता में एक बेहतर कॅरियर बना सकते हैं। पत्रकारिता के किसी मध्यम को चुनकर अच्छे न्यूज पेपर या न्यूज चैनल से जुड़ सकते हैं। या फिर आप अपना न्यूज चैनल या मीडिया चैनल खोल सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कई तरह के बीट-प्रसारण होते हैं। वहाँ पर भी अपनी प्रतिभा से बेहतर पत्रकारिता कर सकते हैं। उदाहरण के लिए – एजुकेशन बीट, पॉलिटिकल बीट, स्पोर्ट्स बीट, क्राइम बीट, मनोरंजन, साहित्य, संस्कृति और कला, कारोबार आदि अनेक बीट होती हैं। यदि आप मीडिया सेंटर में नौकरी नहीं करना चाहते हैं तो पत्रकारिता के लिए दूसरे भी विकल्प हैं। जैसे पब्लिक रिलेशन एजेंसी, कम्यूनिटी रेडियो, पब्लिशिंग हाउस, समाचार पत्र या पत्रिका निकालना या अपना स्वयं का चैनल खोल सकते हैं। इसके लिए एक अच्छी टीम, धैर्य, और समय पर कार्य करने की पूर्ण आवश्यकता है।

                                                            ( लेखक अरबिंदो कॉलेज में प्रोफेसर व मीडिया विश्लेषक )

- Advertisement -spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest News

महर्षि वाल्मीकि कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी किया , सरकार के अन्य कॉलेजों का भी विज्ञापन जल्द,12 कॉलेजों में अगस्त...

चौथा अक्षर संवाददाता/ नई दिल्ली  दिल्ली सरकार से पूर्ण वित्त पोषित महर्षि वाल्मीकि कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने अपने यहाँ सहायक...
- Advertisement -spot_imgspot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_imgspot_img