चौथा अक्षर संवाददाता / फ़ैज़ाबाद
जनमंच फ़ैज़ाबाद के तत्वावधान में प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन ने लोकतंत्र के समक्ष वैश्विक चुनौतियों और भारत की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में दक्षिणपंथी राजनीति के उभार के साथ प्रेस की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है। भारत भी इस वैश्विक राजनीतिक प्रवृत्ति से अछूता नहीं है।
अमेरिका, ब्राजील, इजरायल, हंगरी और भारत का उदाहरण देते हुए वरदराजन ने कहा कि अलग-अलग देशों में राजनीतिक परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन सत्ता के केंद्रीकरण, मीडिया पर दबाव और नागरिक अधिकारों को सीमित करने के तरीकों में समानता दिखाई देती है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया।आर्थिक नीतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिणपंथी सरकारों की नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों को मिलता है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसी समस्याओं से जूझती है। उनके मुताबिक, आर्थिक सवालों से जनता का ध्यान हटाने के लिए धार्मिक और नस्लीय पहचान की राजनीति को बढ़ावा दिया जाता है। भारत में हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण और अमेरिका में नस्लीय विभाजन की राजनीति को उन्होंने इसी संदर्भ में रखा।
चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए वरदराजन ने ‘जेरी-मेंडरिंग’ की चर्चा की। उन्होंने बताया कि चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव किया जा सकता है, जिससे किसी खास राजनीतिक दल को फायदा और विपक्ष को नुकसान पहुंचे। इस संदर्भ में उन्होंने असम के परिसीमन का उदाहरण दिया। साथ ही, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार की बढ़ती भूमिका और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर भी चिंता जताई।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल बताया। उनका कहना था कि मतदाता सूचियों से पात्र नागरिकों के नाम हटने की स्थिति में उनके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने जर्मन नाटककार बर्टोल्ट ब्रेख्त के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि जब सरकार का जनता पर भरोसा खत्म होने लगता है, तो वह जनता को ही बदलने की कोशिश करने लगती है।
अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में वरदराजन ने विपक्षी एकजुटता को भाजपा को चुनावी चुनौती देने के लिए महत्वपूर्ण बताया। ब्राजील में लूला की राजनीतिक सफलता और अमेरिका में डेमोक्रेटिक राजनीति के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को आपसी मतभेदों और छोटी राजनीतिक लड़ाइयों से ऊपर उठकर एक मजबूत साझा मोर्चा बनाना होगा।उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में केवल राजनीतिक दलों की भूमिका पर्याप्त नहीं होगी। ट्रेड यूनियनों, नागरिक संगठनों और सामाजिक आंदोलनों को भी व्यापक लोकतांत्रिक संघर्ष का हिस्सा बनाना होगा। इसके अलावा व्हाट्सएप और सोशल मीडिया जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल दुष्प्रचार के बजाय सही सूचनाओं और प्रगतिशील विचारों के प्रसार के लिए करने की जरूरत है।
वरदराजन के संबोधन का प्रमुख संदेश था कि लोकतंत्र की रक्षा केवल चुनावों तक सीमित नहीं है। इसके लिए स्वतंत्र मीडिया, निष्पक्ष चुनाव, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती साझा राजनीतिक रणनीति और व्यापक सामाजिक एकजुटता तैयार करने की बताई।
कार्यक्रम में सिद्धार्थ वरदराजन केे साथ मंच पर सीपीई के जिला सचिव कॉम अशोक तिवारी, सीपीएम के जिला सचिव कॉम अशोक यादव , वरिष्ठ पत्रकार कृष्णप्रताप मौजूद थे । वरिष्ठ साहित्यकार स्वप्निल श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ गनी साहब , वरिष्ठ पत्रकार सुमन गुप्ता , प्रो मिर्जा शहाब शाह, सीपीआईएमल के जिला सचिव कॉम अतीक, धीरज मुक्तिकामी, साहित्यकार आशाराम जागरथ , सपा नेता श्री लड्डू यादव , श्री सूर्यकांत पांडे, काग्रेस के अजीत वर्मा, वीरू तिवारी, कवि सुजीत बर्मन, सामाजिक कार्यकर्ता अंजू अग्रवाल, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के बिहार प्रभारी राज कुमार मौर्य , अजीत वर्मा , प्रभात श्रीवास्तव, डॉ उमाकांत यादव , साहित्यकार वेद प्रकाश वेदी , डॉ विष्णु कुमार, डॉ नंदराम निषाद , साकेत कॉलेज शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ संतलाल, आशीष कुमार , वैदिक द्विवेदी, ऋषिक, बीएसएनल ट्रेड यूनियन नेता आर जे यादव सहित शहर के अनेकों साहित्यिक एवं संस्कृतिकर्मी उपस्थित थे ।संगोष्ठी में संचालन एवं विषय प्रवर्तन अनिल कुमार सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रशांत प्रजापति ने किया






