back to top

देश में अघोषित आपातकाल, दीपके,आशुतोष और सौरव को हवाई जहाज के अंदर से उठाया , नेहा बोरा ने पुलिस को चकमा दिया कहा “आज दिल्ली हाट ही जंतर-मंतर बनेगा! वहीं  मिलते हैं।”

Must Read

श्याम लाल शर्मा/ नई दिल्ली/छाया – आर बी यादव/आशीष कर 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अपने तोते वोट चोर ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए पूरी ताक़त लगा दी।कल शाम से ही राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर को दिल्ली पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया गया था। मेट्रो बंद, ट्रेनें बंद और कदम-कदम पर पुलिस व पैरा-मिलिट्री है. ऐसा लग रहा था कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, इसके बावजूद छात्र-युवा और अन्य लोग  सड़कों पर आ गये। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी में आज सड़क पर जो भी ‘पढ़ा लिखा- नौजवान'(छात्र-छात्राएं) जंतर-मंतर की दिशा में जाते दिख रहे है, हाथ में माइक है, गले में पट्टा है और कैमरामैन के भी गले में प्रेस आईडी है, ये सब दिल्ली पुलिस को दिखायी नहीं दे रहा है वहां जो भी दिखाई दे रहा है पुलिस उसे हिरासत में ले रही है! गुड़गांव से कनाट प्लेस और एयरपोर्ट से मंडी हाउस तक यही चल रहा है. सुबह-सुबह मशहूर यूट्यूबर धुर्व राठी को गुड़गांव से हिरासत में लिया गया तो अभिजीत दीपके, और सौरव दास सहित कुछ अन्य को एयरपोर्ट से हवाई जहाज़ के अंदर से ही हिरासत में लिया गया. सीजेपी  समर्थकों और लेफ्ट  विंग के  छात्र-संगठनों के ज्यादातर एक्टिविस्ट्स को रायसीना रोड और जंतर-मंतर के आसपास के इलाकों से हिरासत में लिया गया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे भी लोग सड़क पर उतरे हैं, जो किसी संगठन के सदस्य नहीं हैं. वे एसआई आर  के तहत  वोटर-लिस्ट से वोटरों के नाम गायब किये जाने की भयावह कारगुजारी को बंद कराने के लिए सड़क पर उतरे हैं. दिल्ली में पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स की हज़ारों टुकड़ियां तैनात की गई हैं। हिरासत केंद्र बनाए गए हैं तो इससे ज़्यादा सफल आंदोलन क्या होगा। कोई आंदोलनकारी कोशिश करके भी इस तरह भारत बंद या दिल्ली बंद नहीं कर सकता था…। जितना इससे डरकर मोदी सरकार ने कर दिया है बावजूद इसके नेहा वोरा ने पुलिस प्रशासन को धता बताते हुए आंदोलन का केंद्र जंतर – मंतर के बजाय दिल्ली हाट पहुचा दिया।

हुआ यह कि नेहा बोरा ने बड़ी ही योजनाबद्ध तरीके से जंतर मंतर जाने के बजाय नेहा बोरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “Dilli Haat becomes Jantar Mantar today! See you there!” यानी, “आज दिल्ली हाट ही जंतर-मंतर बनेगा! वहां मिलते हैं।” इस घोषणा के साथ प्रदर्शन के केंद्र को लेकर नई स्थिति सामने आई।पहले दिल्ली हाट को आंदोलन के नए केंद्र के रूप में पेश किया लेकिन वहां नेताओं के डिटेन होने पर प्रदर्शनकारी सफदरजंग फ्लाईओवर पर पहुंच गये और वहीं बैठ गये। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने 10 अक्टूबर दोपहर में प्रदर्शन स्थल बदलने की घोषणा की थी। पहले प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस की सख्ती, बैरिकेडिंग और आवाजाही पर प्रतिबंधों के बीच नेहा बोरा ने समर्थकों से दिल्ली हाट पहुंचने का आह्वान किया। लेकिन जैसे ही नये प्रदर्शन स्थल पर नेहा बोरा, योगेंद्र यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और प्रशांत भूषण पहुंचे, पुलिस ने कुछ देर बाद इन्हें डिटेन कर लिया। दिल्ली के कई और भी इलाकों में प्रदर्शन की सूचनाएं हैं। वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवासन जैन ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि – जंतर-मंतर भले ही एक मजबूत किला हो, लेकिन अन्य जगहों पर भी अचानक धरने देखने को मिल रहे हैं। यहां, दिल्ली के सफदरजंग फ्लाईओवर पर प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए हैं और अपने हिरासत में लिए गए साथियों को ले जा रही बस को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर लंबे समय से दिल्ली में धरना-प्रदर्शनों का प्रमुख स्थल रहा है। 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए भी आयोजकों ने इसी जगह को चुना था। लेकिन दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। पुलिस का कहना था कि आयोजकों ने बहुत कम समय पहले सूचना दी थी और सार्वजनिक व्यवस्था, सुरक्षा तथा यातायात संबंधी चिंताओं को देखते हुए अनुमति नहीं दी जा सकती।इसके बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जंतर-मंतर की ओर

जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई और नई दिल्ली के कई इलाकों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए। इसी माहौल में नेहा बोरा ने दिल्ली हाट को प्रदर्शन के नए स्थल के रूप में घोषित किया। यह स्पष्ट करना जरूरी है कि दिल्ली हाट को प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रदर्शन स्थल घोषित किए जाने की जानकारी नहीं थी । नेहा बोरा के संदेश के बाद दिल्ली हाट इस विरोध प्रदर्शन की खबरों के केंद्र में आ गया है। आंदोलन का मुख्य सवाल चुनाव आयोग की जवाबदेही, एसआईआर  की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग है। प्रदर्शन स्थल बदलने की घोषणा के बावजूद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दिल्ली हाट पर कितने प्रदर्शनकारी पहुंचते हैं, पुलिस क्या कार्रवाई करती है और आंदोलन आगे किस दिशा में बढ़ता है।

“सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है ,देखना है जोर कितना बाहू-ए-कातिल में है” नारों के साथ आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा बड़ी संख्या में छात्रों के साथ जंतर–मंतर की ओर आगे बढ़ रही थीं तो वहीं दूसरी तरफ़ जो कहा जा रहा था कि  परिंदा भी पर नहीं मार सकता” के दावे के बावजूद वोट चोरी के खिलाफ़ प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा बांग्ला साहिब से जंतर मंतर की तरफ़ आगे बढ़ रहे थे.

नेहा बोरा ने लगभग 1 घंटे तक पुलिस को छकाया , पहले नेहा, योगेन्द्र यादव, प्रशांत भूषण ने पुलिस को चकमा दिया , फिर एआईआईएमएस पहुंच जंतर मंतर के लिए मार्च शुरू किया।पुलिस को अंदाज़ा ही नहीं था दिल्ली हाट पर नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है तो पुलिस की गाड़ी के सामने आकर छात्र लेट गए काफ़ी जद्दोजहद के बाद पुलिस नेहा बोरा को ले जा सकी। अचानक जेएनयू के छात्रो ने शाम को पांच बजे पूरे आंदोलन की तस्वीर ही बदल दी। उसने पुलिस के पूरे मंसूबों पर पानी फेर दिया। हजार से ज्यादा की संख्या में छात्र एम्स से लुटियन जोन्स की ओर कूच किए और जोरबाग पहुंचे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

ममता बनर्जी और पांच अन्य लोगों को दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ ने उनके आवास के बाहर से हिरासत में ले लिया है।ममता की पार्टी के एक सदस्य द्वारा जारी बयान के अनुसार उन्हें एक कैदी वैन में बिठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। हिरासत में लिए जाने के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि वह और उनकी पार्टी के सांसद शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन्हें बैठने तक की इजाजत नहीं दी गई।उन्होंने कहा, “हमें परवाह नहीं, हम डरते नहीं। देश में क्या हो रहा है, यह सबको पता है। लड़ाई जारी रहेगी।”

अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह को हिरासत में लिये जाने के बाद अब कमान दूसरी लाइन के नेता को सौंपी गई है। अभिजीत दिपके ने रात को ही एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। जिसमें उन्होंने सभी बड़े नेताओं को हिरासत में लिये जाने के बाद जारी करने को कहा गया था। दिपके ने इस वीडियो में कहा- जब तक अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका हिरासत में हैं, सीजेपी के संगठनात्मक प्रभारी अजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। अभिजीत ने संभावित गिरफ्तारी की आशंका में कल रात ही यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था।

सीजेपी के अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह, सीपीएम के एमए बेबी, पिनराई विजयन, एमवी गोविंदन मास्टर, ए विजयराघवन, केके शैलजा, जॉन ब्रिटास, केएन बालगोपाल, बृंदा करात, पीके श्रीमती, महात्मा गांधी के पोते तुषार गांधी और आप नेता मनीष सिसोदिया। इनके अलावा एक हज़ार से ज्यादा युवा कार्यकर्ता दिल्ली में हिरासत में लिये गये हैं।

दिल्ली में हालात हिंसक हो रहे हैं। जंतर-मंतर के पास कनॉट प्लेस स्थित पीटीआई भवन के नजदीक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर पत्थर फेंके। पुलिस का दावा है कि उसके दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के समय लगभग 50 प्रदर्शनकारी मौके पर जमा थे। पुलिस ने बताया कि सभी को हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई है।

दिल्ली में 400 से अधिक एसएफआई सदस्यों और वकीलों को हिरासत में लिया गया। सुप्रीम कोर्ट से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई के 400 से अधिक सदस्यों, अन्य छात्र संगठनों के सदस्यों और वकीलों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श एम साजी ने पीटीआई को बताया कि सुबह करीब 10 बजे सदस्यों द्वारा मार्च शुरू करने के बाद हिरासत में लिया गया।

पुलिस के साथ झड़प और उसके बाद विमान के अंदर नाटकीय हिरासत के बाद, सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रनवे पर खड़ी एक बस में जबरदस्ती बिठाया गया और एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली पहुंचने के बाद अपने नेताओं की हिरासत की कड़ी निंदा की। एक बयान में पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें सुनियोजित तरीके से रोका ताकि वे नियोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें। सीजेपी ने हिरासत को उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया और तीनों नेताओं की तत्काल, बिना शर्त रिहाई की मांग की।

यूट्यूबर ध्रुव राठी को आज सुबह दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से पहले की गई कार्रवाई में दिल्ली पुलिस ने गुड़गांव पुलिस की सहायता से राठी को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ध्रुव राठी को गुड़गांव के सेक्टर 56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया। कल रात को वो इंडिया गेट पर थे, जहां की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर डाली थीं।

उधर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नेता  विपक्ष राहुल गांधी अपने कार्यक्रम छात्रों की गूंज में हिस्सा लेने के लिए चेन्नैई रवाना हो गये है। जाने से पहले उन्होंने एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा- ज्ञानेश जायेंगे, फिर यह सरकार और उसके बाद लोकतंत्र को ठीकठाक करने का काम शुरू होगा।

वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम का कहना है कि जंतर मंतर तक मीडिया की पहुंच को नामुमकिन बनाया जा रहा है। आज शनिवार सुबह रिपोर्टिंग के लिये पहुंच अंजुम ने सुबह सोशल मीडिया पर दर्ज किया- ‘जंतर-मंतर की बात तो छोड़ ही दीजिए; अब तो मीडिया को भी उस दिशा में जाने वाली सड़कों पर जाने से रोका जा रहा है। कनॉट प्लेस से पार्लियामेंट स्ट्रीट तक जाने वाली सड़क पर मीडिया का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। अभी-अभी मैंने कुछ बच्चों को हिरासत में लेकर सीपी के बाहरी घेरे में बैठाते देखा। पुलिस ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। पुलिस ने ठान लिया है कि चाहे कुछ भी हो जाए, किसी को भी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा।’

प्रदर्शन से पहले सीजेपी और वामपंथी संगठनों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली आ रहे लोगों को रास्ते में ही रोका जा रहा है और ट्रेनों तथा रेलवे स्टेशनों से हिरासत में लिया जा रहा है। CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने दावा किया है कि देशभर में करीब 10 हजार लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, इस संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में पुलिसकर्मियों को यात्रियों को ट्रेनों से उतारते और रेलवे स्टेशनों पर लोगों को रोकते देखा गया है।

दिल्ली पुलिस ने जंतर–मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा, कानून–व्यवस्था और यातायात को ध्यान में रखते हुए इंतजाम किए गए हैं। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र से कहा कि दिल्ली मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह बंद न किया जाए और सुरक्षा की ज़रूरत के मुताबिक़ नियंत्रित तरीक़े से चलाया जाए, ताकि आम यात्रियों को परेशानी न हो।

आंदोलन कारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद हिरासत केंद्रों पर ले जाने के लिए लगी बसें

- Advertisement -spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest News
- Advertisement -spot_imgspot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_imgspot_img