चौथा अक्षर संवाददाता/ बहादुरगढ़
बुद्धम शरणम गच्छामि एजुकेशन सोसायटी (रजि.) के तत्वावधान में ओमेक्स सिटी, बहादुरगढ़ में प्रसिद्ध शिक्षाविद, बहुजन चिंतक, मीडिया विश्लेषक एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर फेडरेशन फॉर सोशल जस्टिस (रजि.) के अध्यक्ष प्रो. हंसराज सुमन के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं एवं अम्बेडकरवादी विचारधारा से जुड़े लोगों ने भाग लिया। समारोह की तैयारियों में कैप्टन अभिषेक, निदेशक, फौजी प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड का विशेष योगदान रहा। सोसायटी के चेयरमैन चौधरी रणधीर सिंह एवं अध्यक्ष डॉ. फौजी इंडिया ने प्रो. हंसराज सुमन को 21 हजार रुपये की माला, पटका एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। समारोह स्थल “जय भीम, जय फुले और तथागत भगवान बुद्ध” के जयघोष से गूंज उठा। शिक्षाविद् श्याम सुंदर वर्मा एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता बलराज मलिक का भी स्वागत कार्यक्रम में त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, बहादुरगढ़ के श्याम सुंदर वर्मा अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचे। डॉ. फौजी इंडिया ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसी अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्री बलराज मलिक के कार्यक्रम में पहुंचने पर भी डॉ. फौजी इंडिया ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. हंसराज सुमन ने कहा कि तथागत भगवान बुद्ध, संत कबीर साहेब, महात्मा ज्योतिबा फुले और संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के लिए कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सामाजिक समरसता, समानता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना है। फेडरेशन समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी आवाज पहुंचाने और उसकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
बहादुरगढ़ में प्रो. हंसराज सुमन का भव्य सम्मान समारोह, बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प। आरक्षित वर्ग के रिक्त पदों को भरवाना, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाना मेरी प्राथमिकता : प्रो. हंसराज सुमन
प्रो. सुमन ने कहा कि हरियाणा एवं दिल्ली-एनसीआर में शिक्षा, रोजगार और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े आरक्षित श्रेणी के पदों को भरवाना, बैकलॉग पदों को भरना तथा आरक्षण नीति का प्रभावी पालन सुनिश्चित करवाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग, स्कूल एवं कॉलेज छोड़ चुके विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था तथा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रिक्त आरक्षित श्रेणी के शिक्षक, प्रोफेसर एवं प्राचार्य पदों को विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से भरवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रो. हंसराज सुमन ने बहादुरगढ़ में डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में अम्बेडकरवादी लोग रहते हैं, इसलिए यहां अम्बेडकर भवन का निर्माण होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर वे जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराएंगे। उन्होंने हरियाणा में दलितों पर होने वाले अत्याचारों को रोकने, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने तथा आवश्यकतानुसार विशेष न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित किए बिना बहुजन समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
शिक्षा को बताया सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम-
सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. फौजी इंडिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और प्रतिनिधित्व का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे शक्तिशाली माध्यम है, इसलिए समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। डॉ. फौजी इंडिया ने कहा कि हरियाणा के बच्चे शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
महाउपासक चौधरी रघुवीर सिंह एवं परिवार की ओर से भिक्खु संघ को चीवर एवं संघ महादान कार्यक्रम के दौरान आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के अवसर पर महाउपासक चौधरी रघुवीर सिंह, उनके सुपुत्र डॉ. फौजी इंडिया एवं समस्त परिवार की ओर से भिक्खु संघ को चीवर दान एवं संघ महादान किया गया।
इस अवसर पर भिक्खु बोधि रत्न (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), भिक्खु थीरो ज्योति (दिल्ली), भिक्खु धम्म शील (पलवल), भिक्खु उत्तम बोधि (बुंदेलखंड, मध्य प्रदेश) सहित अन्य भिक्खु संघ ने पुण्य अनुमोदन किया। भिक्खु संघ द्वारा धम्म देशना देते हुए उपस्थित लोगों को तथागत भगवान बुद्ध द्वारा बताए गए शांति, करुणा, मैत्री और मध्यम मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
भिक्खु संघ के लिए श्रीमती शकुंतला देवी एवं श्रीमती रेखा फौजी द्वारा विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए गए तथा भोजन दान किया गया। इस अवसर पर डॉ. फौजी इंडिया द्वारा बौद्ध भिक्षुओं को दान स्वरूप चीवर प्रदान किए गए। समारोह में शामिल लोगों को डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर, माता सावित्रीबाई फुले, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं तथागत भगवान बुद्ध के जीवन और विचारों से संबंधित पुस्तकें भेंट की गईं। समारोह में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान एवं पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आए लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. आर.के. त्रेहन, डॉ. एम.एस. मेहरा, विरेंद्र बौद्ध चिंतनशील, यश राज सभ्रवाल, डॉ. बिजेंद्र सिंह बौद्ध, डॉ. श्रीनिवास प्रधान, श्री करतार सिंह बज्जर, डॉ. योगेश पाटिल, श्री सत्यनारायण अहलावत, श्री बलवान सिंह, डॉ. के.पी. सिंह, श्री विजय बौद्ध, श्री हरीश चोपड़ा, श्री राजेश मोखरा तथा सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्री बलराज मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता, बंधुत्व एवं संविधान के मूल्यों को मजबूत करने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में अनेक भिक्षुओं ने भी भाग लिया जिसमें मुख्य, भिक्खु बोधिरत्न (लखनऊ) उत्तर प्रदेश ,भिक्खु ज्योति (दिल्ली) भिक्खु धम्मशील (पलवल) अभिराम/ भंते रूपेश बोधि (नालंदा) भिक्खु उत्तम बोधि (बुंदेलखंड) मध्य प्रदेश ,भिक्खु धम्म कीर्ति (रोहतक) भिक्खु धम्म ज्योति (इटावा) भिक्खु शील संपन्न (सोहना) आदि उपस्थित रहे ।






