चौथा अक्षर संवाददाता/ संगरूर (पंजाब)
“मेरा असेसमेंट है कि एक साल के अंदर ये सरकार निपट जाएगी।”और ये भी कि अमित शाह गृह मंत्री नहीं रहेंगे।ये बात राहुल गांधी ने संगरूर में इंसाफ़ रैली के खुले मंच से, खुले में,और पूरे भरोसे के साथ कही गई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि यदि मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री “देशद्रोही” हैं और वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर काम करते हैं। गांधी ने पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि प्रधानमंत्री चाहे हैं तो बहस के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत या फिर उद्योगपति गौतम अदाणी को जज बना सकते हैं।
उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही कहते हैं। मैंने उन्हें सीधी चुनौती दी कि आप मेरे साथ बहस करिये। जिसको आप जज बनाना चाहते हैं, बना दीजिए। मोहन भागवत को जज बना दीजिए, अदाणी जी को बनाना है तो उन्हें जज बना दीजिए। कोई फर्क नहीं पड़ता। आप बस मेरे सामने आकर बैठ जाइए।” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का कहना था, “मैं देश को गारंटी देता हूं कि नरेन्द्र मोदी मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते। उनके सारे नेता कह रहे हैं कि संसद में चर्चा करिये, लेकिन संसद में आप लोग मेरा माइक बंद कर देते हैं और मुझे बोलने नहीं देते हैं।”
उन्होंने दावा किया, “आप (भाजपा नेता) नरेन्द्र मोदी को मेरे सामने बैठने के लिए कहिए। मैं आपको गारंटी देता हूं कि पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि नरेन्द्र मोदी देशद्रोही हैं और मोदी को डोनाल्ड ट्रंप नियंत्रित करते हैं।” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के साथ पांच मिनट में व्यापार समझौता कर लिया और ट्रंप की ओर से धमकी दिए जाने पर भारत के किसानों, छोटे व्यापारियों के हितों और देश का डेटा तक उनके हवाले कर दिया। गांधी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बार-बार दावा करते हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर कुछ नहीं बोलते। उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ अमेरिका में चल रहे मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि समझौते के बाद ट्रंप ने अमेरिका में अदाणी के खिलाफ मामला बंद करवा दिया।
अदाणी के खिलाफ अमेरिका में चल रहे मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि समझौते के बाद ट्रंप ने अमेरिका में अदाणी के खिलाफ मामला बंद करवा दिया। गांधी ने कहा, ”इससे बड़ा सबूत क्या हो सकता है। मोदी जी, डरिए मत, आ जाइए, बहस करते हैं। मैं दूध का दूध, पानी का पानी कर दूंगा।” उन्होंने सोमवार और मंगलवार को भी प्रधानमंत्री मोदी को सीधी बहस की चुनौती दी थी। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेतात किरेन रीजीजू ने मंगलवार को गांधी पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था, ”शीर्ष स्तर की बहस परिपक्व लोगों के बीच होती है।” दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधा था और कहा था कि जब देश बाहरी चुनौतियों का सामना कर रहा था, तब देश के भीतर कुछ ताकतें झूठ और अफवाह फैलाकर अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही थीं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस सोच के लोगों ने सबके सामने सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या की थी, आज वही सोच पंजाब के हर कोने में घूम रही है। राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के पिता से मुलाकात के बाद उन्होंने अपने भाषण की योजना में बदलाव किया। इसके बाद उन्होंने मूसेवाला के पिता को मंच पर बुलाया और उनके बेटे की हत्या का जिक्र किया।
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में आज हालात ऐसे हो गए हैं कि जो भी व्यक्ति प्रतिभाशाली है और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, उसे धमकियां दी जाती हैं। उसे डराया जाता है और फिर सबके सामने गोली मार दी जाती है। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला भी पंजाब और देश के लिए कुछ करना चाहते थे, लेकिन उन्हें निशाना बनाया गया।
राहुल गांधी ने बताया कि कई साल पहले सिद्धू मूसेवाला उनसे मिलने उनके कार्यालय आए थे। उस समय वह कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। राहुल गांधी ने कहा कि उस वक्त वह मूसेवाला को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे और न ही उनके गाने सुने थे, लेकिन उन्हें बताया गया था कि वह एक अच्छे और प्रतिभाशाली इंसान हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला काफी प्रभावशाली व्यक्तित्व के मालिक थे। जब उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया, तो राहुल गांधी को लगा कि वह एक जोखिम भरे क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला एक अच्छे गायक और प्रतिभाशाली युवा थे, लेकिन उन्हें राजनीति के खतरों की पूरी जानकारी नहीं थी। इसलिए वह उन्हें राजनीतिक रूप से सुरक्षित रखना चाहते थे।
राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा हटा दी और इसके अगले दिन उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मूसेवाला की हत्या दिनदहाड़े एक काली SUV में सवार हमलावरों ने की थी। यह घटना पूरे पंजाब और देश के सामने हुई थी। राहुल गांधी ने मूसेवाला के पिता से मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय एक पिता के दर्द को बयां किया था। उन्होंने कहा था कि माता-पिता की मौत से दुख होता है, लेकिन जिस पिता को अपने बेटे की मौत देखनी पड़े, उससे बड़ा दुख दुनिया में कोई नहीं हो सकता।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब में ‘इंसाफ रैली‘ में कहा आम आदमी पार्टी ‘भाजपा की बी टीम‘ है। कांग्रेस जहां भी चुनाव लड़ने जाती है, आप वहां समीकरण बिगाड़ने चली आती है।उन्होंने कहा हम गुजरात में जीत रहे थे, आप ने वहां खेल बिगाड़ा, हम गोवा में जीत रहे थे, इसने वहां भी काम खराब किया आप का खुद कोई अस्तित्व नहीं है, ये लोग सिर्फ लोकतंत्र को तबाह करने का काम कर रहे हैं। हमें ऐसे लोगों को सबसे पहले सबक सिखाना होगा।






