चौथा अक्षर संवाददाता/देहरादून
आज राहुल गांधी को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करना था लेकिन खराब मौसम की वजह से राहुल गांधी का दौरा रद्द हो गया जिसके लिए वे समय से पंतनगर भी पहुंच चुके थे. यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिये अल्मोड़ा के लिए रवाना हुये. कुछ ही देर बाद खराब मौसम के कारण राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी. पंतनगर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने फोन के जरिये अल्मोड़ा की जनसभा को संबोधित किया. इसके बाद काफी देर तक मौसम के ठीक होने का इंतजार किया गया. आखिर में खराब मौसम को देखते हुए राहुल गांधी को अपना उत्तराखंड दौरा कैंसिल करना पड़ा. वे पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गये.
राहुल गांधी ने दिल्ली रवाना होने से पहले उत्तराखंड की जनता को खास संदेश दिया. राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आप सभी से मिलकर आपकी बातें सुनना चाहता था. आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था, मगर मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया.’
राहुल गांधी ने कहा, ‘उन्हें पौड़ी में भी पूर्व सैनिकों के साथ मुलाकात करनी थी. साथ ही उन्हें कोटद्वार भी जाना था, मगर मौसम की खराबी के कारण ऐसा नहीं हो पाया. राहुल गांधी ने कहा कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता. उन्होंने कहा मैं बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा. तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे.’
वहीं, इससे पहले अल्मोड़ा में आयोजित ‘परिवर्तन का शंखनाद’ जनसभा को उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट से ही फोन से संबोधित किया. उत्तराखंड के पार्टी मामलों की प्रभारी पार्टी महासचिव कुमारी सैलजा के फोन द्वारा राहुल ने अल्मोड़ा की जनसभा को संबोधित किया.
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं पंतनगर हवाईअड्डे से बोल रहा हूं. आज सुबह मुझे वहां आना था लेकिन जब हम हेलीकॉप्टर से आ रहे थे तो पायलट ने बोला कि मौसम खराब है और हमें वापस पंतनगर जाना पड़ेगा.’
राहुल के संबोधन के प्रमुख अंश:
- बाहरी लोग उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का फायदा उठा रहे हैं और स्थानीय लोगों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है.
- उत्तराखंड राज्य निर्माण के पीछे के विजन को कमजोर किया जा रहा है.
- राज्य के लोगों ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की थी जहां आत्मनिर्णय का अधिकार उनके पास हो लेकिन दुख की बात है कि उत्तराखंड को रिमोट कंट्रोल से दिल्ली से चलाया जाता है.
- देश के चार विशिष्ट क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को कमजोर कर दिया गया है.
- पहला- केंद्र सरकार ने पहले जनता के घर में रखे सोने और बचत के पैसे को छीन लिया गया.
- दूसरा- छोटे और मध्यम व्यवसाय जैसे कपड़े और खाद्य प्रसंस्करण के व्यापार को जीएसटी गलत ढंग से लागू कर पूरा ढांचा समाप्त कर दिया गया.
- तीसरी सुरक्षा हमारी विदेश नीति की थी. आज हम सिर्फ उन देशों से तेल खरीद सकते हैं जिन्हें अमेरिका स्वीकार करता है, इसे भी नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह ने तोड़ दिया.
- कृषि और किसान को भी कमजोर कर दिया गया.
- ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध के परिणामस्वरूप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद हो गया. पीएम आज देश के लिए नहीं बल्कि अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं.
बता दें, 4 और 5 जून को राहुल गांधी का अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित था. अल्मोड़ा में उनकी पब्लिक मीटिंग होनी थी. पौड़ी में राहुल गांधी को पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत करनी थी. यहां भूतपूर्व सैनिकों का एक बड़ा सम्मेलन होना था. इसके साथ ही उनका कोटद्वार दौरा भी होना था. जहां उन्हें मोहम्मद दीपक से मुलाकात करनी थी. इसके बाद देहरादून में राहुल गांधी की कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक थी.






