यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर दमदार एक्शन करती नजर आएंगी। वहीं, बॉबी देओल अपने खतरनाक और रहस्यमयी किरदार से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। ट्रेलर में रोमांच, इमोशन और हाई-ऑक्टेन एक्शन का ऐसा मिश्रण देखने को मिला है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है।
ट्रेलर की शुरुआत एक छोटे बच्चे से होती है, जिसे फतेह नाम का एक व्यक्ति ‘सीता’ नाम देता है। यह किरदार आगे चलकर एक बेहद प्रशिक्षित और खतरनाक एजेंट बनता है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब वही सीता अपने गुरु के खिलाफ खड़ी हो जाती है। समय बीतने के साथ सीता का किरदार आलिया भट्ट निभाती नजर आती हैं, जो अपने अतीत और वर्तमान के बीच एक बड़ी लड़ाई लड़ रही है।
आलिया और शरवरी की जोड़ी बनी फिल्म की खास ताकत ?
फिल्म में आलिया भट्ट का बिल्कुल नया और दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में वे कई चुनौतीपूर्ण एक्शन सीक्वेंस करती नजर आती हैं। उनकी आवाज में सुनाई देने वाली कहानी यह संकेत देती है कि यह केवल एक मिशन नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत संघर्ष भी है। खास बात यह है कि फिल्म में उनकी किरदार किसी के बचाने का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद अपने दुश्मनों का सामना करती है।
वहीं, शरवरी को भी ट्रेलर में भरपूर स्क्रीन स्पेस मिला है। दोनों अभिनेत्रियां मिशन पर साथ दिखाई देती हैं और कई दृश्यों में दुश्मनों से मुकाबला करती नजर आती हैं। उनकी जोड़ी फिल्म में नई ऊर्जा लेकर आती दिखाई दे रही है। ट्रेलर से साफ है कि दोनों किरदार केवल सहयोगी नहीं, बल्कि कहानी की सबसे महत्वपूर्ण ताकत हैं। दूसरी ओर, बॉबी देओल का किरदार फिल्म में सबसे बड़े खतरे के रूप में सामने आता है। उनका किरदार एक पूर्व जासूस का है, जो अपने देश से गहरा गुस्सा और बदले की भावना रखता है। उनका संवाद, जिसमें वे कहते हैं कि अब देश अल्फा से डरेगा, कहानी में तनाव और रहस्य को और बढ़ा देता है। दिलचस्प बात यह है कि जिस सीता को उन्होंने खुद तैयार किया, अब उसी से उनका सीधा टकराव होने वाला है।
ट्रेलर का सबसे बड़ा सरप्राइज अंत में देखने को मिलता है, जब लोकप्रिय जासूसी किरदार मेजर कबीर धालीवाल की झलक दिखाई जाती है। हालांकि उनका चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया गया, लेकिन इस छोटी सी झलक ने प्रशंसकों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। अल्फा’ का ट्रेलर यह संकेत देता है कि फिल्म में दमदार कहानी, जबरदस्त एक्शन, मजबूत महिला किरदार और रोमांच से भरपूर स्पाई ड्रामा देखने को मिलेगा। यही वजह है कि यह फिल्म इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बनती नजर आ रही है।






