back to top

इंडिया गठबंधन का महाअभियान: 2 अक्टूबर से शुरू होगा लोकतंत्र का दूसरा स्वतंत्रता संग्राम

Must Read

चौथा अक्षर संवाददाता/ नई दिल्ली / छाया – आशीष कर/आर बी यादव 

इंडिया गठबंधन की बुधवार को नई दिल्ली में बैठक हुई. इसमें शामिल सभी दलों ने मिलकर काम करने का फैसला किया है. बैठक में नेताओं ने अक्टूबर-नवंबर में पांच बड़ी रैलियां करने की जानकारी दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रैलियों के लिए जगह और तारीखें जल्द ही तय कर ली जाएंगी. उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी क्योंकि अब हर कोई मानता है कि राहुल और दीदी ‘वोट चोरी’ के बारे में जो कहते थे, वह सही था.

इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं का यह पक्का वादा है कि हम यह पक्का करेंगे कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद किया है, उन्हें सजा मिले. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने सीनियर हैं या कौन हैं. भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है. बैठक में यह भावना भी थी कि विपक्ष भारत के लोगों तक यह बात पहुंचाने में काफी सफल रहा है कि चुनाव में धांधली हुई है, नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है, और लोगों में – खासकर युवाओं में – विरोध की एक नई भावना पैदा हुई है कि भारत में जो हो रहा है वह गलत है और उसे रोका जाना चाहिए.”

इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर आगे की रणनीति का ऐलान किया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर साझा आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “चर्चा कम से कम साढ़े तीन घंटे तक चली और सभी ने इसमें हिस्सा लिया। बहुत से नेताओं ने अपने विचार रखे। उसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ने अपनी बात रखी। मुझे खुशी है कि सभी ने मिलकर, एकमत से, एकजुट होकर, मजबूती के साथ लड़ाई लड़ने की बात की है। बहुत से सुझाव भी राहुल गांधी ने और ममता बनर्जी ने भी दिए हैं। सभी पार्टी के लोग जो यहां पर बैठे थे, उन्होंने भी सुझाव दिए… आज चुनाव आयोग के साथ कठपुतली की तरह खेला जा रहा है। असल में पीएम मोदी और अमित शाह ऐसा कर रहे हैं। दो-तीन लोगों को मोहरा बनाकर, वे लोग वोटों की चोरी करवा रहे हैं और चुनाव जीत रहे हैं। जहां भी हमारे नेता न्यायपूर्ण लड़ाई लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं, युवाओं के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, उन्हें भी तंग करने का प्रयास किया जा रहा है।

खड़गे ने कहा देश के लोगों, युवाओं और इंडिया गठबंधन के लोगों के अलावा, जो एनजीओ और संविधान व लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों को भी इसमें शामिल करके 2 अक्टूबर से लेकर 8 अक्टूबर तक, जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ करेंगे। जिला मजिस्ट्रेट के सामने जाकर प्रदर्शन किया जाएगा और जनता को अवगत करवाया जाएगा कि हम ऐसा क्यों कर रहे हैं। 6 अक्टूबर के दिन सभी विपक्षी सांसद ‘मार्च टू इलेक्शन कमीशन’ करेंगे। हम आज ही ये मार्च करने वाले थे लेकिन हमने सभी सांसदों को आमंत्रित करके मार्च निकालने के लिए 6 तारीख रखी है। तीसरा कार्यक्रम हमारा होगा, जिसमें विपक्ष के नेता राष्ट्रपति से अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मिलने का समय मांगेंगे। हमारी जो समस्याएं हैं और संवैधानिक अड़चनें जो सरकार पैदा कर रही है, जिसके तहत लोगों को तंग और तबाह करके अपनी राय बनाकर झूठी सरकार चलाने का प्रयास किया जा रहा है। उसे लेकर हम राष्ट्रपति को स्थिति समझाना चाहते हैं ।

चौथा कार्यक्रम हमारी बड़ी रैली होगी। उसकी तारीख और स्थान तय करके बताए जाएंगे…ये रैली अक्टूबर-नवंबर में होगी। पांचवा, नवंबर 1 से दिल्ली में एक बड़ी रैली होगी…अब सभी का ध्यान हमारी ओर आकर्षित है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा छठा कार्यक्रम, इंडिया नेताओं से हम अपील करेंगे कि सुप्रीम कोर्ट में जितने भी मामले हैं, उनका निपटारा तेज़ी से करें नहीं तो उन्हें लटकाकर रखा जाएगा। इससे जनता का नुकसान होगा। हम उनसे भी अपील करेंगे कि इन मामलों को जल्द से जल्द निपटाया जाए।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने इंडिया ब्लॉक की बैठक संपन्न होने पर कहा, “हमारा इंडिया गठबंधन एकत्र है, एकसाथ है और हम सब साथ हैं। आज जो बड़ा घोटाला है, यह घिनौना मामला है… जो वोट चोरी की बात राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने बिहार में उठाई थी, जिस वोट चोरी को करके भाजपा 2026 में जीती, मध्य प्रदेश, हरियाणा, बिहार में जीती, बंगाल में पूरी लूट की। आप जानते हैं कि हम अपनी शिकायत को लेकर यहां आए थे, हम चुनाव आयोग के पास भी गए, सुप्रीम कोर्ट में भी गए, सारे दरवाजे खटखटाए लेकिन अब तो ये स्पष्ट हो चुका है कि ज्ञानेश कुमार चोर है, डाकू हैं, उन्होंने वोट चोरी की, ईवीएम मशीन जला दी गई, ईवीएम मशीन को हाईजैक किया गया… उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। हमें लोकतंत्र बचाना होगा। मतदान का अधिकार हमारा संवैधानिक अधिकार है… अगर लोग वोट नहीं देंगे, अगर चुनाव में धांधली होगी तो देश कहां जाएगा?… ज्ञानेश कुमार अगर इस्तीफा नहीं देंगे तो ये आंदोलन बहुत आगे जाएगा… हम लोगों को एक साथ लड़ना होगा। उन्होंने वोटों की लूट की, चोरी की। ईवीएम की मशीनें क्यों जलाई गईं ?

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) को लेकर चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच बढ़ते विवाद के बीच INDIA ब्लॉक ने देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ (Save Democracy March) निकालने का ऐलान किया है। विपक्षी गठबंधन के मुताबिक यह अभियान 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक जिला स्तर पर चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य SIR और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर विपक्ष की आपत्तियों को जनता के बीच ले जाना तथा गठबंधन की एकजुटता प्रदर्शित करना है। 1 नवंबर को विपक्ष दिल्ली में एक बड़ी रैली भी करेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल SIR, मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर अपना अभियान आगे बढ़ाएंगे। बुधवार को सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान की घोषणा की। इसके तहत देश के अलग-अलग जिलों में मार्च और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विपक्षी दल SIR प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी चिंता जताते रहे हैं। इस अभियान के जरिए विपक्ष मतदाता सूची में बदलाव, नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाना चाहता है। इसी दौरान 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक विपक्ष मार्च निकालेगा।

विपक्षी दलों का देशव्यापी विरोध कार्यक्रम

  • 1. 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तरीय “लोकतंत्र बचाओ” मार्च।
  • 2. 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।
  • 3. विपक्षी नेता अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में भारत के राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे।
  • 4. विपक्षी दलों द्वारा पांच विशाल रैलियां।
  • 5. 1 नवंबर को दिल्ली में एक विशाल रैली।
  • 6. इंडिया ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसआईआर और चुनावी मामलों से संबंधित सभी मामलों के शीघ्र निपटारे की अपील करेंगे।

इंडिया गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की भी योजना बनाई है। विपक्षी नेताओं के अनुसार, अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा जाएगा। विपक्षी नेता राष्ट्रपति के सामने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े अपने सवाल और शिकायतें रखने की तैयारी कर रहे हैं।खड़गे ने कहा कि विपक्ष राष्ट्रपति के सामने चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं का विस्तृत ब्यौरा रखेगा।

इंडिया गठबंधन ने अक्टूबर और नवंबर में पांच बड़ी रैलियां करने का भी फैसला किया है। इन रैलियों के स्थान और तारीखों को बाद में तय किया जाएगा। खड़गे के मुताबिक, इन रैलियों के जरिए विपक्ष जनता को यह बताएगा कि उसके अनुसार चुनावी प्रक्रिया में क्या समस्याएं पैदा हुई हैं और मतदाताओं के अधिकारों पर किस तरह के सवाल उठ रहे हैं। इस तरह विपक्ष का आंदोलन तीन स्तरों पर चलाने की तैयारी है—जिला स्तर पर प्रदर्शन और मार्च, दिल्ली में चुनाव आयोग तक सांसदों का मार्च और इसके बाद बड़े जनसभा कार्यक्रम।

इंडिया गठबंधन की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई। विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और चुनाव आयोग ने उनकी शिकायतों का उचित समाधान नहीं किया। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार को व्यंग्यात्मक रूप से “वैनिश कुमार” कहा और SIR को लेकर तीखी आपत्ति जताई। ममता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार चोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR की खराब प्रक्रिया के जरिए वोट चोरी हुई है और इसे उन्होंने सरकार की कथित निरंकुशता से जोड़ा। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अगर CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बैठक में विपक्षी दलों की संयुक्त भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने विपक्षी नेताओं को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से काम करने वाला बताया। INDIA ब्लॉक का कहना है कि उसका आंदोलन केवल किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं बल्कि मतदाता के वोट के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा प्रश्न है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा: “हमारी अच्छी चर्चा हुई। हमारी सामूहिक राय यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार ने चुनाव में धांधली की है। हम इसे चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे। भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को दंडित किया जाएगा, चाहे वे कितने भी वरिष्ठ पद पर हों। मैंने विपक्ष के नेताओं से कहा कि वे संविधान के सामूहिक रक्षक हैं।”

बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली। इसमें इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले और CPI(M) नेता एम.ए. बेबी समेत अन्य नेता शामिल थे।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर जारी विवाद के बीच विपक्षी INDIA ब्लॉक ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग उठाई है। कांग्रेस ने बुधवार को INDIA ब्लॉक की बैठक में कहा कि चुनावी व्यवस्था में जनता का भरोसा बहाल करने के लिए बैलेट पेपर पर लौटना जरूरी है।

कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र का मूल सिद्धांत “एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य” है और इंडिया गठबंधन इसे कमजोर नहीं होने देगा। उसने कहा कि मतपत्र जनता का है और सरकार चलाने का जनादेश भी जनता का है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में अंतिम और निर्विवाद अधिकार मतदाताओं का होना चाहिए।विपक्ष का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और लोगों का विश्वास कायम रखना है। किसी भी चुनाव को विश्वसनीय बनाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव आयोग जरूरी है।

- Advertisement -spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest News

बालाघाट में आकर ऐसा लगा- जैसे हिंदुस्तान के बीच में ही हिंदुस्तान की सरकार नहीं है-राहुल गांधी

चौथा अक्षर संवाददाता/बालाघाट आज गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बालाघाट पहुंचे और मृत बच्चों...
- Advertisement -spot_imgspot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_imgspot_img